नफे सिंह राठी हत्यकांडः आज बंद रहेगा बहादुरगढ़ का बाजार

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय नफे सिंह राठी की हत्या के इतना समय बीतने के बावजूद भी पुलिस अब तक हत्या के साजिशकर्ता के बारे में सुराग नहीं लगा पाई है। इतना ही नहीं उनकी हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दो शार्प शूटर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसी के चलते नफे सिंह राठी के परिवार के सदस्यों में भारी रोष है। नफे सिंह राठी के परिजनों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और साजिशकर्ता के नाम का खुलासा करने की गुहार एक बार फिर से पुलिस से लगाई है।

इतना ही नहीं उन्होंने आज  बहादुरगढ़ बंद का आह्वान भी किया है। परिजनों  ने पुलिस पर आरोप लगाया कि एफआईआर में शामिल लोगों से सही ढंग से पूछताछ नहीं की गई, इसीलिए हत्या के षड्यंत्रकारी का नाम अभी तक पुलिस ने उजागर नहीं कर पाई।  उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे।

 उन्होंने आज  होने वाले बहादुरगढ़ बंद में शहर के आम लोगों और तमाम राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोगों से शामिल होने की अपील की है। ताकि प्रदेश सरकार और पुलिस पर दबाव बने और नफे सिंह राठी की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।

Back to top button