चुपके-चुपके इन वोटरों को लुभाने में लगीं प्रियंका?

जुबिली न्‍यूज डेस्‍क
उत्‍तर प्रदेश में योगी सरकार की संविदा नीति को लेकर विरोधी दल हमलावर हैं। समाजवादी पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने का मन बना लिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरकार के इस फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरने का एलान किया है।
प्रियंका ने उत्तर प्रदेश में समूह ख और ग की नौकरियों को पांच साल की संविदा के प्रावधान संबंधी प्रस्ताव को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘यह काला कानून है। इसके खिलाफ सड़क पर उतरा जाएगा। हम ऐसी नीति लाएंगे जिसमें युवाओं का अपमान करने वाला संविदा कानून नहीं बल्कि सम्मान के कानून हों।

प्रियंका गांधी ने गुरुवार को इस मुद्दे को लेकर युवाओं के साथ डिजिटल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संविदा नीति के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रियंका ने 2016 की शिक्षक भर्ती के 12,460 अभ्यर्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की।
इस संवाद के दौरान प्रियंका ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि युवाओं की बात सुननी पड़ेगी और उनके मुद्दों के लिए हमें सड़क से लेकर सदन तक इन मुद्दों पर लड़ना होगा। कांग्रेस पार्टी इसमें पीछे नहीं हटने वाली।’’

कांग्रेस ने दावा किया कि 2016 की शिक्षक भर्ती विज्ञापन में 51 जिलों में पद थे, लेकिन 24 जिलों में पद शून्य थे। बीते 3 साल से शून्य जनपद वाले अभ्यर्थी कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहे हैं। पार्टी के अनुसार, अभ्यर्थियों ने प्रियंका गांधी को अपनी पीड़ा से अवगत कराया।
इय दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने वादा किया वह हरसंभव मदद करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं का मसला है। यह न्याय का सवाल है।
 

Back to top button