सैर पर निकलीं चार महिलाओं को वाहन ने कुचला, मौत से गांव में मचा हड़कंप

जिले के नूरपुरबेदी क्षेत्र में सैर पर निकली चार महिलाओं को एक वाहन ने कुचल दिया। इससे तीन महिलाओं की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना क्षेत्र के गांव हयातपुर की है। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और मातम छा गया। घायल महिला को पीजीआइ में दाखिल कराया गया है। हादसा नूरपुरबेदी-बलाचौर मार्ग पर हुआ।

जानकारी के अनुसार, गांव की चार महिलाएं रात में सैर पर निकली थीं। सैर करने के बाद वे सड़क किनारे बैठक की बातें कर रही थीं। इसी दौरान वहां एक महिंद्रा पिकअप तेज रफ्तार में अाया। अनियंत्रित वाहन ने चारों महिलाओं को कुचल दिया। इससे वहां चीख पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और गाड़ी के नीवे फंसीं महिलाओं को निकाला। हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी दोनों टांगें टूट गईं।

घायल महिला को चंडीगढ़ पीजीआइ में उपचार चल रहा है। हादसे में मारी गईं महिलाओं की पहचान आशा (45) पत्नी किशन कुमार, मोनिका (28) पत्नी प्रमोद कुमार और आशा (45) पत्नी मोहिंदर के रूप में हुई है।  हादसे के बाद पुलिस नेगाड़ी को कब्जे में ले लिया। गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। गाड़ी में अाम तथा तून की लकड़ी लदी थीं। अभी ये स्पष्ट नहीं है कि लकड़ी किसकी है।

पुलिस आनंदपुर साहिब अस्पताल में मृतक महिलाअों का पोस्टमार्टम करवा रही है। नूरपुरबेदी पुलिस ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए महिलाअों की मौत के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

Back to top button