कानपुर: रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई समर स्पेशल ट्रेनें

उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए कई समर स्पेशल ट्रेनें संचालित कर रहा है। इसी क्रम में तीन और स्पेशल ट्रेनें वाया कानपुर जाएंगे। दरभंगा से नई दिल्ली के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 04065 शनिवार की रात 8:30 बजे दरभंगा से चलेगी। यह समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, सिवान, देवरया सदर, गोरखपुर, गोंडा, ऐशबाग से होकर रविवार की दोपहर 12:25 बजे कानपुर सेंट्रल आएगी। यहां पांच मिनट रुककर इटावा, टूंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद के रास्ते रात आठ बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

सहरसा-नई दिल्ली अनारक्षित एक्सप्रेस 04063 रविवार की शाम सात बजे सहरसा स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह सोमवार देर रात 12:05 बजे सेंट्रल आएगी। यहां दस मिनट रुक कर अगले दिन सुबह सात बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। उदयपुर सिटी-पटना एक्सप्रेस 09651 स्पेशल ट्रेन मंगलवार को उदयपुर सिटी से रवाना होगी। यह बुधवार की शाम चार बजे कानपुर सेंट्रल आएगी। यहां से 10 मिनट बाद प्रयागराज, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन, बक्सर, आरा, दानापुर से होकर देर रात दो बजे पटना पहुंचेगी। इसकी डाउन ट्रेन गुरुवार की सुबह छह बजे पटना से चलेगी। यह शाम 4:30 बजे कानपुर सेंट्रल आएगी। यहां से शुक्रवार की दोपहर 12:20 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

Back to top button