महंगाई घटने के बजाय दिन-दूनी रात चौगुनी वृद्धि को लेकर महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
महंगाई घटने के बजाय दिन-दूनी रात चौगुनी वृद्धि को लेकर महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
गुरुवार को महिला कांग्रेस ने महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा नीत सरकार अपने छह वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर चुकी है। देश प्रचंड बहुमत वाली भाजपा सरकार ने जनता के विश्वास पर चोट की है। कहा कि रसोई गैस सिलिंडर, सब्जी, अनाज के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में भाजपा के शासन में महंगाई अपने चरम पर है। आम आदमी का जीना दूभर हो चुका है। भाजपा नेतृत्व ने चुनाव के समय देश की जनता से महंगाई पर नियंत्रण करते हुए आम आदमी को राहत देने का वायदा किया था, लेकिन आज महंगाई घटने के बजाय दिन-दूनी रात चौगुनी वृद्धि कर रही है।
महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन ने कहा कि सब्जी, अनाज, रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जन पीड़ित है। खाद्य पदार्थों विशेषकर सब्जी, दाल, अनाज के दामों में कई गुना वृद्धि हो चुकी है। सब्जी एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के कारण आम आदमी को दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पहले से महंगाई की मार से पीड़ित जनता के ऊपर सब्जी के दामों में वृद्धि का बोझ आम आदमी के जीने की राह और कठिन बना रहा है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह सरकार आम जनता कि न होकर कुछ सरमायेदारों की सरकार है। महंगाई की मार झेल रही गरीब जनता पर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लगातार महंगाई का बोझ डालकर अब उसके पेट पर लात मारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है वहीं राज्य सरकार सब्जी, अनाज, तेल के दामों में भारी वृद्धि कर जनता का शोषण कर रही है।
साल 2020 के शुरुआती महीनों में ही दो बार रसोई गैस सिलिंडर के दामों में भारी वृद्धि कर जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया है तथा महंगाई अब आम आदमी की बर्दाश्तगी से बाहर होती जा रही है। चुनावों में बड़े-बड़े वादे करने वाली भारतीय जनता पार्टी देश की गरीब जनता का मजाक उड़ा रही हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि भारतीय जनता पार्टी नीत सरकारों को आम जनता के दुख दर्द से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है।
लगातार बढती महंगाई की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उत्तराखंड महिला कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री के माध्यम से महंगी सब्जियों का उपहार भेंट किया गया।
भेंट देने वालों मे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पार्षद सविता सोनकर, देविका रानी, डॉ प्रतिमा सिंह, अमृता कौशल, संतोष सैनी, रीता कुमार, कमला, मुकेश सोनकर, शीतल, नैना, अनुराधा, बबिता, मिथिलेश, शांति श्रीवास्तव, चंद्रकला, मंजू और संतरेश आदि उपस्थित रहे।