हिमाचल में टूटा भारी बारिश का कहर, 12 लोगों की गई जान

शिमला। पिछले कई दिनों से देश के अधिकतर इलाके भारी बारिश का कहर झेल रहे है। यूपी, दिल्ली और केरल में अपना तांडव दिखाने के बाद अब बारिश ने हिमाचल प्रदेश को अपना शिकार बनाया है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश हो रही है। बारिश और भूस्खलन की वजह से हिमाचल में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमे भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ के संयोजक ठाकुर दास भी शामिल है जिनकी मकान धंसने से मौत हो गयी है।

भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के अधिकतर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का 16 अगस्त का शिमला दौरा भी टाल दिया गया है। बारिश के कारण प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं जिसकी वजह से शिमला, मंडी, सोलन और ऊना के कई सड़क  मार्ग बंद हो चुके है।  इसके साथ ही कई स्थानों पर कारें मलबें में दब गयी हैं।

हिमाचल प्रदेश सरकार का कहना है कि प्रदेश में बारिश से अब तक 775 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। इस विभाग को  391 करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन ने 96 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की। 

Back to top button