सिरसा: रेंट पर घर देखने गई 2 महिलाएं हाई टेंशन तार की चपेट में आई

सिरसा शहर के भारत नगर में दो महिलाओं को हाईवोल्टेज तार का जोरदार करंट लगा। एक महिला 90 प्रतिशत झुलस गई जबकि दूसरी महिला के पैर बुरी तरह झुलस गए। दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। ज्यादा झुलसी महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

जानकारी के अनुसार भारत नगर स्थित एक मकान को किराये पर लेने के लिए दोपहर बाद दो महिलाएं बच्चों के साथ पहुंची। मकान को देखते हुए महिलाएं सीढ़ियों के सहारे छत पर चढ़ गई। इसी दौरान मकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज की तार से दोनों महिलाओं को जोरदार करंट लगा। करंट लगने के दौरान धमाका भी हुआ। 

धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए। लोगों ने मकान में छत पर जाकर देखा तो दो महिलाएं करंट से बुरी तरह झुलसी हालत में मिलीं। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दी गई।  दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल भर्ती किया गया है। 

लोगों का कहना है कि गनीमत यह रही कि महिलाओं के साथ आए दो बच्चे छत पर नहीं चढ़े, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। लोगों का कहना है कि यहां पर गली में 132 केवी की हाईवोल्टेज तार गुजर रही है, जिन लोगों ने तार के नीचे मकान बनाए हुए हैं उन्हें बिजली निगम ने नोटिस जारी किया हुआ है। ये तार पहले से ही यहां से गुजर रही है। लोगों ने इसके नीचे निर्माण कर मकान बना लिए। ऐसे में हर समय हादसा होने का भय बना रहता है।

Back to top button