हुड्डा के रथयात्रा के साथ-साथ चलेगी अशोक तंवर की साइकिल

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डाॅ. अशोक तंवर की साइकिल पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रथ के साथ-साथ चलेगी। तंवर ने 17 मई से आरंभ होने वाली अपनी साइकिल यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया है। तंवर की साइकिल का पहिया अब 31 मई से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के गढ़ से घूमेगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा 3 जून से पानीपत जिले के समालखा विधानसभा क्षेत्र से रथ पर सवार होंगे।हुड्डा के रथयात्रा के साथ-साथ चलेगी अशोक तंवर की साइकिल

समालखा पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्‍कर का हलका है। हुड्डा हर जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक दिन बिताएंगे। अशोक तंवर की साइकिल यात्रा 31 मई से आरंभ होकर 4 जून तक चलेगी।  तंवर और हुड्डा दोनों के राजनीतिक आयोजनों का यह दूसरा चरण है। तंवर पूर्व मुख्‍यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के गांव चौटाला से अपनी साइकिल यात्रा आरंभ करेंगे। 4 जून को सिरसा शहर में उनकी साइकिल यात्रा का समपान होगा। धर्म सिंह छौक्‍कर समालखा से आरंभ होने वाली हुड्डा की रथयात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। दूसरी ओर, तंवर ने पूर्व सांसद रणजीत सिंह और होशियारी लाल शर्मा के साथ मीटिंग कर नए राजनीतिक समीकरण बनाने के संकेत दिए हैं।

हुड्डा और तंवर में राजनीतिक टकराव किसी से छिपा नहीं है। पैर का फ्रैक्चर ठीक हो जाने के बाद हुड्डा एक बार फिर से मैदान में सक्रिय हो गए हैं। उनके साथ ही तंवर ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरियाणा कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता तरुण भंडारी के अनुसार, पार्टी के कार्यक्रमों तथा 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि की वजह से साइकिल यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।

राहुल की रैली में भीड़ जुटाने वाले कार्यकर्ताओं का पंचकूला में हाेगा सम्‍मान

दूसरी ओर, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डाॅ. अशोक तंवर दिल्‍ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की दिल्ली रैली में भीड़ जुटाने वाले हरियाणा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शनिवार को सम्‍मानित करेंगे। यह सम्‍मान पंचकूला में होगा। पहले यह समारोह जींद में होना था, लेकिन अब पंचकूला के सेक्टर पांच स्थित इंद्रधनुष स्टेडियम में  होगा।

डाॅ. अशोक तंवर खुद अपने हाथों से मेहनती कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। इन प्रमाण पत्रों पर प्रत्येक कार्यकर्ता का नाम हाेगा। दिल्ली रैली में कार्यकर्ताओं को ले जाने वाले प्रमुख नेताओं को यह सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। हरियाणा कांग्रेस के इतिहास में इस तरह का सम्‍मान समारोह पहले कभी नहीं किया गया है।

Back to top button