राजापुर में जंगली जानवर ने गांव में खेल रहे बच्चों पर बोला हमला, ग्रामीणों ने मारकर यमुना नदी में फेंका

चित्रकूट के राजापुर थानांतर्गत सुरवल गांव में बुधवार देर शाम एक जंगली जानवर ने बच्चों पर हमला बोल दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दो बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराना पड़ा। देर रात ग्रामीणों ने जानवर को घेरकर मारने के बाद यमुना नदी में फेंक दिया। गुरुवार सुबह नौ बजे मृत जानवर की फोटो वायरल होने पर हड़कंप मच गया। वन विभाग के अफसर जांच कर रहे हैं।

राजापुर के सुरवल गांव में बुधवार शाम को घुसे जंगली जानवर ने गांव में बाहर खेल रहे बच्चों पर हमला बोल दिया। इससे चीख पुकार मच गई। दो बच्चों के पंजों की खरोंच से खून निकल आया। शोर सुनकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी लेकर ग्रामीणों ने जंगली जानवर को घेर लिया। करीब दो घंटे के बाद जानवर को ग्रामीणों ने मार गिराया। रात को ही यमुना नदी में उसका शव फेंक दिया। गुरुवार को जानवर की फोटो वायरल होने पर बाघ या तेंदुआ के मारे जाने को लेकर वन विभाग में हड़कंप मच गया। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि टीम गांव भेजी गई है। फोटो में लकड़बग्घे जैसा जानवर दिख रहा है। जांच करा उसका शव निकालने का प्रयास किया जाएगा। थाना प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी। ग्रामीणों के बच्चों पर हमले के कारण घटना बचाव में हुई है।

वन्य जीव विहार में दिखा बाघ

उधर, बुधवार को मानिकपुर तहसील के रानीपुर वन्य जीव विहार में बाघ दिखने से चरवाहों में दहशत है। वन्य जीव विहार की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। हालांकि अभी तक जानवर दिखा नहीं है। बुधवार दोपहर से शाम तक सर्चिंग की गई थी। अब गुरुवार को भी सर्च अभियान चल रहा है। वन्य जीव प्रतिपालक जीडी मिश्रा ने कहा कि वन्य जीव विहार में जंगली जानवरों की सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

पहले भी हो चुकी घटनाएं

जिले में पहले भी तेंदुआ मारने की घटनाएं हो चुकी हैं। मानिकपुर क्षेत्र में कुल्हाड़ी से तेंदुआ को काटकर ग्रामीणों ने दबा दिया था जबकि मझगवां में भी तेंदुआ का शिकारियों ने मार डाला था। इन मामलों में आरोपित जेल भी भेजे जा चुके हैं।

Back to top button