बदल रहा मौसम, दिल्ली में गर्मी ने बढ़ाया पारा; UP समेत इन राज्यों में गरज के साथ होगी बारिश

होली से पहले मौसम अपना रंग बदलता नजर आ रहा है। कभी बादल छाए रहते है तो कभी तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है।

हालांकि, देश में गर्मी ने भी दस्तक दे दिया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए हल्की बारिश की भी भविष्यवाणी की है। आज से 24 मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार है।

22 से 25 मार्च के दौरान यहां होगी बारिश और बर्फबारी
IMD ने बताया कि सप्ताह के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

22 से 25 मार्च के दौरान अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल में बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 22 और 24 मार्च को पंजाब और हरियाणा में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, UP में अचानक बदल रहा मौसम
कड़ाके की ठंड के बाद अब दिल्लीवालों को गर्मी की मार झेलनी होगी। मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज आसमान साफ रहेगा। दिन भर धूप खिली रहेगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 16 डिग्री रहने का अनुमान है।

बात करें उत्तर प्रदेश की तो यहां अचानक बदल रहे मौसम के कारण लोगों की तबीयत खराब हो रही है। खांसी और जुखाम का शिकार हो रहे है। तेज हवाओं के कारण एक बार फिर लोगों को सर्द हवाएं महसूस हुई। बारिश के कारण मौसम में ठंडक बनी रह रही। चक्रवर्ती हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

उत्तराखंड में मौसम ने लिया करवट
उत्तराखंड में मौसम फिर बदल गया है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों ने डेरा डाल लिया है और बारिश के आसार बने हुए हैं। इससे अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में चोटियों पर हिमपात हो सकता है।

हिमाचल में मौसम रहेगा साफ
हिमाचल प्रदेश में कुछ दिन से मौसम साफ रहेगा। सड़कें खोलने का काम भी तेजी से हो रहा है। लाहुल की अधिकतर सड़कों से बर्फ हटा दी है। लाहुल घाटी शुक्रवार से पर्यटकों के लिए खुलेगी। करीब दो माह बाद पर्यटक लाहुल जा सकेंगे।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोड़ शेष जिलों में आंधी व बिजली गिरने, जबकि कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में आंधी के साथ ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Back to top button