महाराष्ट्र में चार चरणों में हुआ था 2019 लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।दरअसल, चुनाव आयोग ने एलान किया है कि वह 16 मार्च (शनिवार) दोपहर तीन बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान करने वाले हैं।

लोकसभा की कुल 543 सीटों पर 6-7 चरणों में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, आपको बता दें कि साल 2019 का लोकसभा चुनाव 7 चरणों में पूरा हुआ था।

महाराष्ट्र में चार चरणों में हुआ था चुनाव
महाराष्ट्र की बात करें तो, वहां चार चरणों में 48 लोकसभा सीटों पर चुनाव का आयोजन किया गया था। पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल, दूसरे चरण का चुनाव 18 अप्रैल, तीसरे चरण का चुनाव 23 अप्रैल और चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को आयोजित किया गया था। वहीं, इस चुनाव के नतीजों की घोषणा 23 मई को कर दी गई थी।

पहले चरण में इन सीटों पर हुआ था मतदान
पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल को महाराष्ट्र की 7 सीटों पर चुनाव आयोजित किया गया था। इनमें वर्धा, रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, चंद्रपुर और यवतमाल-वाशिम लोकसभा सीट शामिल हैं।

दूसरे चरण का लोकसभा चुनाव
दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, 2019 को 10 लोकसभा सीटों पर किया गया था। इनमें बुलढाना, अकोला, अमरावती, हिंगोली, नांदेड़, परभणी, बीड, उस्मानाबाद, लातूर और सोलापुर लोकसभा सीट शामिल है।

तीसरे चरण का चुनाव इन सीटों पर हुआ आयोजित
महाराष्ट्र में तीसरे चरण का चुनाव 14 सीटों पर 23 अप्रैल को आयोजित किया गया था। इनमें जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, रायगढ़, पुणे, बारामती, अहमदनगर, मढ़ा, सांगली, सातारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकानांगले सीट शामिल है।

आखिरी चरण का चुनाव
राज्य में चौथे और आखिरी चरण का मतदान 29 अप्रैल को 17 सीटों पर आयोजित किया गया था। इनमें नंदूरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, मावल, शिरूर और शिर्डी लोकसभा सीट शामिल है।

Back to top button