मौसम ने एक बार फिर बदली करवट, बिहार के कई हिस्सो में हो रही बारिश…

 जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के गड़के मोड़ के पास पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए छिपे लगभग दस लोग ठनका की चपेट में आ गए। जिसमें एक सीआरपीएफ जवान सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला भी शामिल हैं। वहीं पांच लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अधौरा में चल रहा है।

मृतकों में सीआरपीएफ का एएसआइ बेतिया जिला के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधमतिया गांव निवासी वर्तमान में अधौरा के सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित बैजनाथ शर्मा का पुत्र अशोक कुमार शर्मा, अधौरा थाना क्षेत्र के कोल्हुआं गांव निवासी बाल्मिकी यादव की पत्नी कमिता देवी, सिकरी गांव निवासी बलिराम राम के पुत्र अशोक राम व मोहनियां थाना क्षेत्र के अर्रा गांव निवासी राम दयाल सिंह का पुत्र अविनाश कुमार शामिल हैं।

घायलों में मृतका कमिता देवी की सास लाची देवी के अलावा चार अन्य शामिल है। जो कुछ बताने की हालत में नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर बाद अधौरा थाना क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बिजली चमक रही थी। इसी दौरान एएसआइ अशोक कुमार छुट्टी लेकर बाइक से भभुआ आ रहे थे। वे अपने घर जाने वाले थे। तेज बारिश के कारण वे गड़के मोड़ के पास पेड़ के नीचे छिप गए।इस दौरान वे मोबाइल चला रहे थे। वहीं कमिता देवी अपनी सास लाची देवी व दस दिन की पुत्री को लेकर बाजार करने के लिए भभुआ आ रही थी।

सिकरी गांव अशोक राम मोची का काम करते थे। वे अधौरा जा रहे थे। अर्रा गांव निवासी अविनाश ट्रैक्टर एजेंसी से पैसा वसूलने के लिए अधौरा जा रहे थे। तेज बारिश के कारण उक्त सभी लोग गड़के मोड़ के पास छिपे हुए थे।

इसी दौरान अचानक ठनका गिरने से सभी चपेट में आ गए और मौके पर उक्त चारों की मौत हो गई। बारिश के बाद जानकारी होने पर घायलों को इलाज के लिए अधौरा पीएचसी ले जाया गया। वहीं मृतकों के शव को भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाएगा।

Back to top button