दो सगे भाइयों में आपसी विवाद, व आगजनी, पांच घायल

कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दो सगे भाइयों में आपसी विवाद था, जिसे सुलझाने कुछ लोग पहुंचे तो वहां संघर्ष हो गया। घटना में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं जबकि आगजनी में 12 लोगों के घर जलकर राख हो गए।

मामला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसेरिया के मजरा पठानन पुरवा से जुड़ा है। यहां के निवासी ननके व जगजीवन सगे भाई हैं। दोनों के बीच आपसी विवाद था, जिसे सुलझाने के लिए लोग पहुंचे। एक समुदाय के लोगों को दूसरे समुदाय के लोगों की मौजूदगी रास नहीं आई। बस इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। कुछ ही देर में समुदाय विशेष के लोगों ने दूसरे समुदाय के लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें ननके, राकेश सिंह, मनोज दुबे, अजय कुमार दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पक्ष घायलों को सीएचसी ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष ने खुद को फंसता देख अपने ही छप्पर में आग लगा ली। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इससे पहले अकबाल, इलियास, कोयले, मैकू, साकिर अली, नंगू, तेने, मुन्ना, आजम अली, ध्रुवराज, केशवराम, रामकुमार का घर जलकर राख हो गया। कुछ ही देर में घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कई थाने की पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, सीओ कर्नलगंज, सीओ तरबगंज ने स्थिति संभाली। साथ ही एक प्लाटून पीएसी व पुलिस तैनात कर दी।

एसपी ने एएसपी व सीओ कर्नलगंज को मामले की जांच सौंपी है। 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। फिर भी नजर रखी जा रही है।

मुकदमा दर्ज, 11 गिरफ्तार

कर्नलगंज : कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसेरिया के मजरा पठानन पुरवा निवासी ननके की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों नामजद करते हुए 20-25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध एससीएसटी एक्ट, 307, 436 सहित कई अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसमें मेराज, जावेद, अनीश, सलमान, कोयले, शौकत, मोल्हे, आरिफ, जान मोहम्मद, इकबाल व जगजीवन सहित अन्य शामिल हैं। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नामजद सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

Back to top button