अनुष्का शर्मा की शादी का लहंगा 67 कारीगरों ने 32 दिनों में किया था तैयार..

एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके क्रिकेटर पति विराट कोहली आज अपनी शादी की छठी सालगिरह मना रहे हैं। विराट और अनुष्का की मुलाकात एक शैंम्पू एड के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों की लव स्टोरी का सिलसिला आगे बढ़ा।

दोनों ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट किया, उसके बाद 11 दिसंबर के ही दिन 2017 में इटली के टस्कनी के 800 साल पुराने विला बोर्गो फिनोचिएटो में सात फेरे लिए थे। दोनों ने अपने विवाह समारोह को पूरी तरह प्राइवेट रखा था, जिसमें परिवार के लोग और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। दोनों का नाम देश के पावर कपल में शुमार है। अब तो दोनों के एक प्यारी सी बेटी भी है।

जब भी इनकी शादी का जिक्र चलता है, तो अनुष्का की शादी का लहंगे की बात जरूर होती है। अनुष्का की शादी से ही पेस्टल रंग का ट्रेंड ज्यादा चलन में आया है। उनका लहंगा बेहद खास भी था। ऐसे में आज हम आपको उनकी शादी के लहंगे की खासियत बताने जा रहे हैं।

कैसा था लहंगा

सबसे पहले बात करते हैं अनुष्का शर्मा के बेहद ही खूबसूरत लहंगे की। उन्होंने अपने इस खास दिन के लिए पेस्टल पिंक रंग का लहंगा चुना था। ये लहंगा सब्यसाची के कलेक्शन की एक खास पेशकश थी। इस लहंगे को बनने में पूरे 32 दिन का समय लगा था। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे तैयार करने के लिए बंगाल के 67 कारीगरों की मदद ली गई थी।

इसके वर्क की बात करें तो अनुष्का के लहंगे पर रेशम के धागों से काम किया गया था। लहंगे की हेमलाइन पर डिजाइनर ने अपना सिग्नेचर वर्क किया था। इसके साथ ही उनके ब्लाउज पर लहंगे के मैचिंग का हैवी वर्क था। उनके लहंगे पर बेहद ही खूबसूरत तरीके सोने-चांदी के तारों और मोती का काम किया गया था।

पहनी थी ऐसी ज्वेलरी

बात करें एक्ट्रेस की ज्वेलरी और मेकअप की तो उन्होंने अपने अपनी शादी में बेहद मिनिमल मेकअप किया था। इसके साथ ही अनुष्का ने अपने लहंगे से मैचिंग की ज्वेलरी पहनी थी, जिसमें गोल्ड-रूबी और डायमंड से बना हार, गले को कवर करता नेकपीस, मोती और गुलाबी स्पिनल में बने झुमके-नथ और माथा पट्टी शामिल थे। उनकी नाक की नथ देखने में कमाल की लग रही थी।

विराट कोहली का लुक था ऐसा

इसके साथ ही अगर बात करें विराट कोहली के लुक की तो विराट कोहली ने भी अपनी दुल्हनिया से ट्विनिंग करते हुए लाइट पिंक कलर की शेरवानी पहनी थी। इसके साथ ही कलगी वाली पगड़ी लगाए वे बेहद जंच रहे थे। शादी को इतना समय बीतने के बाद भी लोग दोनों के वेडिंग लुक से टिप्स लेते हैं।

इतना महंगा था लुक

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी अब तक की सबसे खूबसूरत शादियों में से एक थी। इस खूबसूरत शादी में विराट और अनुष्का ने करीब 100 करोड़ का खर्चा किया और दोनों की ये शाही शादी देश की सबसे महंगी शादियों में शुमार हो गई थी। रिपोर्ट्स की मानें तो अनुष्का की शादी का लुक तकरीबन 40-50 लाख तक का था।

Back to top button