जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर भूस्खलन, आवाजाही हुई बंद

बीते दिनों बिगड़े मौसम का असर अभी भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल रहा है। सोमवार को जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ। जिला पुंछ के सुरनकोट तहसील के धुंधक क्षेत्र में भारी भूस्खलन के चलते यातायात बाधित हो गया। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन की तरफ से मलबा हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

उधर, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे करीब तीन दिन के बाद बहाल हो गया है। बिगड़े मौसम के बीच रामबन में जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हो गया था। इससे मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लगा रहा। जम्मू से कश्मीर की सड़क से यात्रा करने वाले कई यात्री अलग-अलग जगहों पर फंसे रहे। सोमवार सुबह पहले फंसे हुए छोटे वाहनों को निकाला गया। इसके बाद अन्य वाहनों को भी आवाजाही करने की अनुमति दे दी गई। ऐसे में आज यातायात इस मार्ग पर चल रहा है।

जम्मू संभाग की जिला रामबन में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

Back to top button