कोरोना वायरस LIVE : संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 429

न्यूज डेस्क
देशभर में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीजों की संख्या 429 हो गई है। इसकी चपेट में आने से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी हैं। बीते  24 घंटे में 50 से अधिक नए मरीज आए हैं जबकि तीन मौतें हुई हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने दिल्ली, राजस्थान, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 16 जिलों को भी 25 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है।

राजधानी दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने लॉकडाउन के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि हम कोरोना को मिलकर हराएंगे। इस बीच दिल्ली सरकार कोरोना को बढ़ने से रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में ऐसे 35 हजार लोगों की पहचान की गई है, जो 1 मार्च को 2020 के बाद विदेश लौटे हैं और दिल्ली में रह रहे हैं।

इन सबको 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया जाएगा। इन लोगों के संपर्क में भी जो लोग आए, उन्हें भी 14 दिन तक घर में रहना होगा।
क्या कहा WHO ने
इस बीच अब लॉकडाउन को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन का बयान सामने आया है। WHO का कहना है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सिर्फ लॉकडाउन ही काफी नहीं है।
ख़बरों के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन  के माइक रायन ने अपने एक बयान में कहा है कि सिर्फ लॉकडाउन ही कोरोना को रोकने के लिए काफी नहीं है, इसके लिए इस वक्त जरूरी है कि जो लोग बीमार हैं और इससे पीड़ित हैं उन्हें ढूंढा जाए और निगरानी में रखा जाए। तभी इसको रोका जा सकता है।
उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के साथ सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि जब ये खत्म होगा तो लोग अचानक बड़ी संख्या में बाहर निकलेंगे और फिर खतरा बढ़ जाएगा।
देश में दिख रहा लॉकडाउन का असर
कोरोना के कहर की वजह से देश के ज्यादातर राज्यों को लॉकडाउन कर दिया गया है। दिल्ली में लॉकडाउन का असर सुबह से दिखने लगा। मेट्रो स्टेशन बंद हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। जगह-जगह पुलिस बैरिकेड लगे हैं और हर आने-जाने से पूछताछ हो रही है। दिल्ली के सातों जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन जारी रहेगा।
वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अभूतपूर्व कदम उठाते हुए सभी यात्री ट्रेनों, अंतरराज्यीय बस सेवाओं और मेट्रो को 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया।

Back to top button