बिहार: भीषण गर्मी के बाद बारिश से राहत

पटना सहित बिहार के कई भूभागों में रविवार सुबह तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरने व जल-जमाव से यातायात प्रभावित हो गया। उधर, वज्रपात में दो लोगों कर मौत हो गई।
कई जिलों में गिरा पारा
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को पटना सहित आरा, गोपालगंज, सीवान, सारण, गया, जहानाबाद, आरा, बक्सर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी जगह-जगह आंधी के साथ बारिश हुई। इससे पारा गिरा। इसके पहले शनिवार तक पटना समेत बिहार के ज्यादातर भू-भाग लू की चपेट में रहे।
पटना की बात करें तो अभी तक आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकार्ड किया गया है। जबकि, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। इसके पहले शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा था। बिहार में अगले कुछ दिनों तक तापमान और गिरने की उम्मीद है।
जगह-जगह जल-जमाव
बारिश ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन इसने बिहार में शहरी विकास कर पोल भी खोल दी है। पटना सहित कई शहरों में जगह-जगह जल-जमाव हो गया है। पटना के फतुहा नगर परिषद क्षेत्र में नाला की सफाई नही होने के कारण सड़क पर जलजमाव हो गया है।





