सीएम योगी बोले- लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा से होगा विजय का उद्घोष

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या पहुंचे उपराष्ट्रपति, विदेशी राजनयिकों, साधु-संतों और देश-विदेश से आए रामभक्तों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरयू तट पर बसी धर्मनगरी अयोध्या दिव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सज चुकी है।
वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रतिफल आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में दिखाई देगा।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि दीपोत्सव अंधकार पर प्रकाश और सत्य व धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष करेगा। इस अवसर पर अवधपुरी का कण-कण उल्लास और भक्ति से भरा है।
योगी आदित्यनाथ ने आयोजन में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, विशिष्ट अतिथियों, साधु-संतों और रामभक्तों का प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देने वाले इस पर्व में सभी की मौजूदगी दीपोत्सव को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस महापर्व का साक्षी बनने की अपील करते हुए अपना संदेश ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ समाप्त किया।




