क्या आपने कभी चखा है यूपी की ‘लापसी’ का स्वाद? सिर्फ 3 चीजों से घर पर बहुत आसानी से बना सकते हैं ये डिश

उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों में लापसी भी शामिल है, जो दलिया, घी और गुड़ से बनने वाली एक स्वादिष्ट मिठाई है। इस मिठाई को मैदे या मावे की जगह दलिया से बनाया जाता है, जिस वजह से इसमें मिलावट का कोई डर नहीं होता और ये स्वाद के लिए भी काफी फायदेमंद होती है।

त्योहारों में और सर्दी के मौसम में इसे खासतौर से बनाया जाता है। अगर आप भी उत्तर प्रदेश की इस मशहूर डिश का स्वाद चखना चाहते हैं, तो आइए जानें लापसी बनाने की आसान रेसिपी।

यूपी स्टाइल लापसी बनाने के लिए सामग्री:
दलिया- 1 कप
गुड़- 3/4 कप
देसी घी- 3 से 4 बड़े चम्मच
पानी- 3.5 कप
हरी इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
कटे हुए मेवे- 2-3 बड़े चम्मच
सूखा नारियल- 1 बड़ा चम्मच

यूपी स्टाइल लापसी बनाने की विधि:
सबसे पहले एक कड़ाही में घी गरम करें और उसमें दलिया डालें।
मध्यम आंच पर दलिया को तब तक भूनें, जब तक इसका रंग हल्का भूरा न हो जाए। जब ये भुन जाएगा, तब इसमें से खुशबू आने लगेगी।
अब एक पैन में 3.5 कप पानी और गुड़ डालकर गरम करें और इसे पूरी तरह घुलने दें। इसकी चाशनी नहीं बनानी है, सिर्फ पानी में गुड़ को घोलना है।
अब भूने हुए दलिए में धीरे-धीरे गुड़ का गरम पानी छानकर डालें और दलिया को नरम होने तक पकाते रहें।
जब दलिया नरम हो जाए, तब इशमें इलायची पाउडर, रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट्स और सूखा घिसा हुआ नारियल डालें।
इन सभी चीजों को मिलाएं और दो मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाएं।
गरमा-गरम और खुशबूदार यूपी स्टाइल लापसी बनकर तैयार है। इसे ऊपर से थोड़े और कटे मेवे डालकर सर्व करें।

Back to top button