नवदुर्गा के सभी स्वरूपों की पूजा के लिए पहनने अलग-अलग रंग के कपड़े

मार्च में होली के बाद सबसे प्रमुख त्योहार नवरात्रि का आता है। इस बार चैत्र नवरात्रि 9 अप्रैल 2024 से शुरू हो रही है। नवरात्रि नौ दिनों का पावन पर्व है, जिसमें माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना की जाती है।

भक्त उपवास रखते हैं और नौ दिनों तक मां के हर स्वरूप की खास पूजा करते हैं। जैसे सभी देवियों का अलग स्वरूप है, वैसे ही उनको प्रसन्न करने का अलग तरीका है। माता के सभी नौ स्वरूपों के अलग अलग प्रिय रंग हैं। माता के प्रिय रंग से उनका श्रृंगार कर सकते हैं और वस्त्र पहना सकते हैं। वहीं खुद भी मां के सभी स्वरूपों की उपासना के दौरान उनके प्रिय रंगों के कपड़ों को पहनकर मां को प्रसन्न किया जा सकता है। यहां नवदुर्गा के सभी स्वरूपों के प्रिय 9 रंगों के बारे में बताया जा रहा है।

प्रथम नवरात्रि पीला रंग
नवरात्रि की शुरुआत माता शैलपुत्री की पूजा से होती है। पहले दिन घटस्थापना के बाद मां शैलपुत्री की उपासना की जाती है। इस दौरान पीले रंग के वस्त्र पहनकर घटस्थापना करना और पूजा करना शुभ माना जाता है। आप भी नवरात्रि के पहले दिन पीले रंग के कपड़े पहनें। माता का श्रृंगार भी पीले रंग के वस्त्रों से कर सकते हैं।

दूसरा दिन हरा रंग
चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। मान्यता है कि मां ब्रह्मचारिणी को हरा रंग प्रिय है। इस दिन हरे रंग की साड़ी या कुर्ता सलवार में तैयार हो सकते हैं और माता की पूजा कर सकते हैं।

तीसरा दिन भूरा रंग
देवी चंद्रघंटा की पूजा नवरात्रि के तीसरे दिन की जाती है। मां चंद्रघंटा की पूजा में भूरे रंग के कपड़ों को पहनना शुभ माना जाता है। भूरे रंग का कुर्ता और लाॅन्ग स्कर्ट पहन सकती हैं। सलवार सूट और फ्लोरल प्रिंट भूरी साड़ी भी काफी सुंदर लुक दे सकती हैं।

चौथा दिन नारंगी रंग
मां दुर्गा का एक स्वरूप देवी कुष्मांडा हैं, जिसकी पूजा नवरात्रि के चौथे दिन की जाती है। मान्यता है कि माता कुष्मांडा का प्रिय रंग नारंगी है। इस दिन नारंगी रंग के कपड़े पहनना चाहती हैं तो अभिनेत्रियों के इन एथनिक आउटफिट को अपना सकती हैं।

पांचवां दिन सफेद रंग
चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा होती है। इस वर्ष मां स्कंदमाता की अराधना 13 अप्रैल 2024 को की जा रही है। इस दिन देवी स्कंदमाता के प्रिय सफेद रंग का वस्त्र धारण करके उनकी पूजा करने से माता प्रसन्न हो सकती हैं।

छठा दिन लाल रंग
वैसे तो मां दुर्गा और उनके सभी स्वरूपों को लाल रंग प्रिय है। लाल रंग प्रेम का, शक्ति का और ऊर्जा का प्रतीक है। लेकिन माता कात्यायनी को लाल रंग अति प्रिय है। मां कात्यायनी की पूजा नवरात्रि के छठे दिन होती है। इस मौके पर लाल रंग के वस्त्र से मां का श्रृंगार कर सकते हैं। खुद भी लाल रंग के कपड़े पहनकर नवरात्रि के छठे दिन मां की पूजा कर सकते हैं।

सातवां दिन नीला रंग
मां कालरात्रि की पूजा नवरात्रि के सातवें दिन की जाती है। माता कालरात्रि का प्रिय रंग नीला है। इस दिन नीले रंग के लहंगा चोली या चूनर से उनका श्रृंगार करें। चाहे तो नीले रंग के फूल अर्पित कर सकते हैं। अगर आप नवरात्रि पूजा में नीले रंग के परिधान पहनना चाहती हैं तो अभिनेत्रियों के एथनिक आउटफिट से आइडिया ले सकती हैं।

आठवां दिन गुलाबी रंग
नवरात्रि के आठवें दिन माता महागौरी की उपासना की जाती है। मां महागौरी को गुलाबी रंग अति प्रिय है। गुलाबी रंग के वस्त्र माता पर बहुत सुंदर लगता है। आप इस रंग की चुनरी मां को ओढ़ा सकते हैं। खुद भी गुलाबी रंग की साड़ी, अनारकली सूट पहन सकती हैं।

नौवां दिन बैंगनी रंग
मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री को बैंगनी रंग पसंद है। नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस दिन मां को बैंगनी रंग का लहंगा पहना सकती हैं। चाहे तो आप भी मां की पूजा के लिए बैंगनी रंग का शरारा सूट, कुर्ता पजामा पहन सकती हैं

Back to top button