कथा साहित्य सम्मान समारोह का आयोजन आज

shikhar satta 1
सुलतानपुर,19 दिसम्बर (UjjawalPrabhat.Com)। जिला पंचायत सभागार में कथा व साक्षी प्रकाशन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में मां धनपती देवी स्मृति-कथा साहित्य सम्मान समारोह का आयोजन आज किया जाएगा। जिसमें कहानी प्रतियोगिता में चयनित देश के श्रेष्ठ कहानीकारों को कथा समवेत पत्रिका द्वारा अंगवस्त्र, स्मृतिचिह्न, सम्मानपत्र एवं नकद धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम आयोजक डॉ. शोभनाथ शुक्ल ने बताया कि उक्त अवसर पर दो सत्रों में चलने वाले इस कार्यक्रम में पुरस्कृत रचनाकारों व निर्णायकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय संगोष्ठी के लिए निर्धारित विषय ’सरकारी उपेक्षा तथा हिंदी का बढ़ता बाजार’ पर विमर्श भी होगा। दूसरे सत्र में कथा समवेत के ताजे अंक के साथ पूर्व विधायक गुरु प्रसाद सिंह एवं शैलेन्द्र तिवारी के उपन्यास तथा डॉ. रामप्यारे प्रजापति के कहानी संग्रह के लोकार्पण के साथ उस पर वक्तव्य भी होंगे। इसके पश्चात उपस्थित कवियों का कवितापाठ होगा। इस कार्यक्रम में आलोचक डॉ. रघुवंश मणि, निर्णायक रामनारायण रमण रायबरेली, बंधु कुशवर्ती, श्यामनारायण श्रीवास्तव, अनिता श्रीवास्तव, निशा गहलौत, अरविंद क्लेरेंस, शिवाशंकर पाण्डेय समेत आदि साहित्यकार कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।
नीरज तिवारी





