ईरान का दावा- बिना अनुमति के गुजर रहे तीन टैकरों पर हमला किया

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने मंगलवार को दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों में आग लग गई है। यह वही इलाका है जहां ईरान अक्सर उन जहाजों को निशाना बनाता है जो उसकी अनुमति के बिना वहां से गुजरते हैं।

बाद में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सरकारी तेल कंपनी ADNOC ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में UAE की समुद्री सीमा के भीतर उसके एक जहाज पर हमला हुआ, जिससे उसे नुकसान पहुंचा है।

होर्मुज स्ट्रेट में तीन तेल टैंकरों में लगी आग
अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटिश समुद्री एजेंसी UKMTO ने भी जानकारी दी कि ओमान के तट के पास, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक टैंकर पर अज्ञात हमला हुआ है। यह साफ नहीं हो पाया है कि क्या ये घटनाएं उन्हीं जहाजों से जुड़ी हैं जिनका जिक्र ईरान ने किया था।

फरवरी के आखिर में मिडिल ईस्ट में तनाव शुरू होने के बाद से, ईरान ने होर्मुज के रास्ते से होने वाली आवाजाही पर कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं। ईरान का कहना है कि जहाज केवल उन्ही के द्वारा अधिकृत रास्तों का ही इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसके जवाब में, अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी कर दी है और टैंकरों को इस जलडमरूमध्य से गुजरने में मदद कर रहा है। बता दें कि दुनिया भर के कुल तेल का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है।

ईरान ने अवैध रास्ते के उपयोग का आरोप लगाया
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक बयान में कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य में बिना अनुमति के रास्ता इस्तेमाल कर रहे दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद वे रुक गए और अब उनमें आग लगी हुई है।’

गार्ड्स ने आगे बताया, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य में बिना अनुमति के रास्ता इस्तेमाल कर रहा एक तीसरा तेल टैंकर भी मंगलवार दोपहर एक नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद फट गया।’ हालांकि, उन्होंने इन टैंकरों के नाम या वे कहां से आए थे, इसकी जानकारी नहीं दी।

जहाज बारूदी सुरंगों से टकराई: ईरान
हाल के हफ्तों में ईरान ने कई बार एलान किया है कि इस जलडमरूमध्य से गुजर रहे कई जहाजों में आग लगी है। ईरान का कहना है कि कुछ जहाज बारूदी सुरंगों से टकराए हैं, जबकि अमेरिकी सेना ने हाल ही में दावा किया था कि इस समुद्री रास्ते से सभी बारूदी सुरंगें हटा दी गई हैं।

इस क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अभियानों की देखरेख करने वाली ‘यूएस सेंट्रल कमांड’ ने पिछले महीने बताया था कि गर्मियों के बाद से उसने खाड़ी देशों को होर्मुज के रास्ते 1.5 अरब बैरल तेल निर्यात करने में मदद की है।

मंगलवार को, गार्ड्स ने कहा कि एक जहाज (जो एक सुपरटैंकर था) एक नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिससे उसमें धमाका हुआ। उन्होंने आगे कहा, ‘दूसरा टैंकर, जो अमेरिकी सेना की सुरक्षा में था और एक अवैध रास्ते से चुपके से गुजरने की कोशिश कर रहा था, उसके साथ भी एक घटना हुई है।’

Back to top button