गोरखपुर: आज वनटांगिया गांव में दिवाली मनाएंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन के लोगों के साथ दिवाली मनाएंगे। पूर्वांह्न 11 बजे मुख्यमंत्री वनटांगिया गांव जाएंगे और इस अवसर पर 82.41 करोड़ रुपये के 52 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसमें रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का शिलान्यास शामिल है। सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर पर आयोजित कार्यक्रम ‘एक दीया शहीदों के नाम’ में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। अधिकारियों ने जंगल तिकोनिया नंबर तीन गांव का दौरा किया। गांव के लोग भी मुख्यमंत्री की अगवानी के लिए अपने-अपने घर-द्वार को साफ सुथरा बनाने, रंग रोगन करने और सजाने-संवारने में लगे हैं। मुख्यमंत्री गांव में घूमकर लोगों से मिलेंगे और एक सभा को भी संबोधित करेंगे। गांव तक इंटरलॉकिंग सड़क बन जाने से वनटांगिया समुदाय का आवागमन और भी सुगम हो जाएगा। इसके निर्माण पर लागत 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च होंगे
दिवाली पर सीएम योगी देंगे विकास कार्यों का उपहार
वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में पारंपरिक रूप से दिवाली मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री विकास कार्यों का भी उपहार देंगे। वह कुल 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वे 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 कार्यों का शिलान्यास तथा चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही लोकार्पण व शिलान्यास के बहुतायत कार्य विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं।
कुसम्ही जंगल में ईको पार्क व पिपराइच में वैश्विक नगर बाजार का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री के हाथों दीपोत्सव के दिन जिन विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी उनमें कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास और पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार का निर्माण भी शामिल है। मुख्यमंत्री इन दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
स्विस कॉटेज और कई सुविधाओं से युक्त ईको पार्क में पर्यटक हरियाली के साथ शांत वन में आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार के निर्माण पर एक करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत आएगी। इसके बन जाने से पिपराइच में बाजार व्यवस्था और बेहतर होगी और इससे स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।




