सभी अड़चनें दूर, महबूबा मुफ्ती बनेंगी पहली महिला सीएम

एजेन्सी/
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर को पहली बार एक महिला मुख्यमंत्री मिलना तय हो गया है। राज्य में सरकार गठन को लेकर बीते कुछ महीनों से निरंतर जारी सभी अड़चनें शुक्रवार को दूर हो गईं। पीडीपी-बीजेपी गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
बीजेपी के निर्मल सिंह होंगे डिप्टी सीएम
जम्मू में बीजेपी विधायक दल की शुक्रवार को बैठक हुई। इस बैठक में यह फैसला हुआ कि पीडीपी के साथ मिलकर बीजेपी सरकार बनाने के लिए तैयार है। बैठक के बाद बीजेपी के एक नेता ने कहा कि पीडीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने पर चर्चा हुई। पार्टी एक-दो दिन में गवर्नर को समर्थन का पत्र देगी। इस गठबंधन सरकार में निर्मल सिंह डिप्टी सीएम होंगे।
गठबंधन के एजेंडे में कोई बदलाव नहीं
बीजेपी ने यह भी कहा कि राज्यपाल से दोनों पार्टियों के नेता मिलेंगे। जम्मू कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि भाजपा और पीडीपी गठबंधन के एजेंडे के आधार पर सरकार बनाएंगे। गठबंधन के एजेंडे में कोई बदलाव नहीं होगा। निर्मल सिंह सर्वसम्मति से जम्मू कश्मीर में भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए। सत शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायकों ने सर्वसम्मति से पीडीपी के साथ सरकार बनाने का निर्णय किया। पीडीपी के मुख्यमंत्री को समर्थन देंगे।





