रूस का यूक्रेन पर सबसे बड़ा हवाई हमला

रूस ने यूक्रेन पर चार वर्ष से चल रहे युद्ध का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई प्रमुख शहरों पर बुधवार-गुरुवार को 1,560 से ज्यादा ड्रोन और करीब 100 मिसाइलें दागीं। इन हमलों में कीव में पांच लोग और अन्य स्थानों पर छह लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं।
रूस का यूक्रेन पर हवाई हमला
हमलों से नागरिक सुविधाओं को भी भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने अमेरिका और चीन से रूसी हमलों को रुकवाने का अनुरोध किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि इनमें से ज्यादातर ड्रोन और मिसाइलें आकाश में ही नष्ट कर दिए गए लेकिन बाकी ने यूक्रेनी शहरों को भारी नुकसान पहुंचाया।
नष्ट किए गए ड्रोन और मिसाइलों के टुकड़ों से भी भवनों और नागरिक सुविधाओं को नुकसान हुआ है। जेलेंस्की ने कहा, इस हमले से जल्द युद्ध खत्म होने की संभावना पर विश्वास नहीं होता है। विदित हो कि हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध जल्द खत्म होने की संभावना जताई थी।
कई शहरों पर ड्रोन-मिसाइलें दागीं
जेलेंस्की ने यूक्रेन की सुरक्षा के लिए सहयोगी देशों से ज्यादा सहायता और एयर डिफेंस सिस्टम की मांग की है। जेलेंस्की ने बताया है कि कीव के 20 स्थानों पर रूस के हमले हुए हैं। इन हमलों में पांच लोग मारे गए और दो बच्चों समेत 40 घायल हुए हैं।
ड्रोन हमले में एक नौ मंजिला भवन ध्वस्त हो गया है। राहतकर्मी कंक्रीट की परतें हटाकर उनके नीचे दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। इसलिए हमले में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। गृह मंत्री इहोर क्लीमेंको ने 10 लोगों के लापता होने की जानकारी दी है।
हमलों में 11 से अधिक लोग मारे गए
जेलेंस्की ने बताया है कि ताजा रूसी हमलों में यूक्रेन में 180 ठिकानों को नुकसान हुआ है। इनमें 50 से ज्यादा आवासीय भवन हैं। हमलों से कीव की पानी-बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खार्कीव में हमले से तीन बच्चों समेत 28 लोग घायल हुए हैं।
ऊर्जा संयंत्रों पर हुए हमलों से देश के 11 प्रांतों की बिजली आपूर्ति में बाधा आई है। रूस ने ओडेसा बंदरगाह और रेल नेटवर्क को भी निशाना बनाया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने अमेरिका और चीन के नेताओं से रूस पर युद्ध खत्म करने के लिए दबाव बनाने का अनुरोध किया है।





