मां बनने के बाद पोस्टपार्टम को याद कर इमोशनल हुईं Rubina Dilaik

टेलीविजन एक्ट्रेस रुबीना दिलैक (Rubina Dilaik) साल 2023 में मां बनी थीं। एक्ट्रेस ने दो जुड़वा बेटियों को जन्म दिया जिनका नाम उन्होंने जीवा और एधा रखा। रुबीना दिलैक ने अभिनव शुक्ला से 21 जून 2018 को शिमला में शादी की थी।

अब अभिनेत्री रोहित शेट्टी के रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 15 में एक बार फिर हिस्सा लेने जा रही हैं। एक्ट्रेस ने मां बनने के बाद अपने जीवन में आए मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की।

बेहद उदास रहने लगी थीं रुबीना

बॉलीवुड बबल को दिए एक इंटरव्यू में, जब रुबीना से उनके पोस्टपार्टम डिप्रेशन के बारे में पूछा गया तो एक्ट्रेस ने कहा- “पोस्टपार्टम सच में होता है। हार्मोन्स की वजह से शरीर में बदलाव आते हैं। इसे वही व्यक्ति समझ सकता है जो इससे गुजर चुका हो। फरवरी तक मैं बेहद उदास थी और अपनी पहचान को लेकर संघर्ष कर रही थी। नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी मेरे पोस्टपार्ट्म के सबसे कठिन दौर थे। पोस्टपार्टम के सामने डिप्रेशन कुछ नहीं था।’

रुबीना ने आगे बताया कि पोस्टपार्टम और डिप्रेशन को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर कोई महिला की कही इस बात को खारिज कर रहा है तो इसका मतलब ये है कि उसने कभी इसे झेला ही नहीं।

सोशल होने से लग रहा था डर

जब आप अपने पोस्टपार्टम फेज में होते हैं तो आप खुद को नापसंद करने लगते हैं। आपको बाहर जाना, दूसरों से मिलना-जुलना अच्छा नहीं लगता। आपके हॉर्मोन्स बहुत डाउन होते हैं। सुबह उठने का मन नहीं करता। अगर किसी महिला को इस समय सपोर्ट नहीं मिलता तो कई बार उसे लोग पागल बुलाने लगते हैं। हालांकि अभिनव ने इस पूरी जर्नी के दौरान रुबीना को बहुत सपोर्ट किया।

Back to top button