पंजाब के सरकारी कर्मियों को दिवाली तोहफा: तीन फीसदी बढ़ा महंगाई भत्ता

पंजाब के करीब आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता तीन फीसदी बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम भगवंत मान ने ये एलान किया।

इससे दो महीने पहले ही पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता 8% बढ़ाया गया था। अब कुल 11% की बढ़ोतरी के साथ कर्मियों को महंगाई भत्ता मिलेगा। यह नवंबर महीने से लागू होगा। यानी दिसंबर में मिलने वाली तनख्वाह और पेंशन के साथ महंगाई भत्ता जुड़कर आएगा। वहीं इससे सरकार के खजाने पर सालाना 3988 करोड़ का वित्तीय बोझ बढ़ेगा।

आज घोषित तीन फीसदी की वृद्धि के चलते कर्मचारियों को 363 करोड़ का लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार का खजाना कभी खाली नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों की नीयत खाली होती गई थी। इस दाैरान मुख्य सचिव केएपी सिन्हा भी माैजूद रहे।

Back to top button