माघ मेला 2027: प्रयागराज में बिजली कार्यों का भूमि पूजन

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में माघ मेला 2027 को लेकर बिजली विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेला क्षेत्र में बिजली से जुड़े कार्यों के लिए भूमि पूजन किया गया। पूर्वांचल एमडी संदीप कुमार और चीफ इंजीनियर राजेश कुमार ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर तैयारियों का शुभारंभ किया।
माघ मेले में बिजली व्यवस्था के लिए 21 करोड़ 19 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। एमडी संदीप कुमार के मुताबिक, पूरे मेला क्षेत्र को रोशन करने के लिए 23 हजार से अधिक बिजली के पोल और 27 हजार 500 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा 600 सोलर हाइब्रिड स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए 67 अस्थाई सब स्टेशन बनाए जाएंगे।
32 डीजी सेट की व्यवस्था
वहीं आपात स्थिति से निपटने के लिए 32 डीजी सेट और बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए 15 फीडर की व्यवस्था की जाएगी। बिजली व्यवस्था की निगरानी और संचालन के लिए सात आरएमयू भी लगाए जाएंगे। इस बार बिजली विभाग बार कोड के माध्यम से शिकायतों के समाधान की व्यवस्था का भी विस्तार कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और मेला क्षेत्र में रहने वाले लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा सके। चीफ इंजीनियर राजेश कुमार ने पंजाब केसरी से खास बातचीत में बिजली विभाग की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और निर्बाध आपूर्ति को लेकर विस्तार से जानकारी दी।





