ब्रिटेन में भीषण गर्मी का कहर: अस्पतालों में डॉक्टरों को आ रहे चक्कर

ब्रिटेन में भीषण गर्मी के चलते राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के अस्पतालों के हालात बहुत खराब हो गए हैं, आलम यह है कि सर्जनों को मजबूरन ऑपरेशन बीच में ही रोकने या टालने पड़ रहे हैं।
दरअसल, NHS अस्पतालों की पुरानी इमारतों में अत्यधिक तापमान और उमस के कारण डॉक्टर और नर्स डिहाइड्रेशन और बेहोशी का शिकार हो जा रहे हैं, उन्हें चक्कर आने लग रहे हैं। सर्जरी के दौरान किसी भी गंभीर स्थिति से बचने के लिए डॉक्टरों को बीच बीच-बीच में अपने स्क्रब हटाकर शरीर को ठंडा करने और पानी पीने के लिए जाना पड़ रहा है।
अस्पतालों के बिल्डिंग भीषण गर्मी को झेलने लायक नहीं
इंग्लैंड के रॉयल कॉलेज ऑफ सर्जन्स के अध्यक्ष टिम लेन के अनुसार, यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि देश के कई अस्पताल अब ब्रिटेन की इस भीषण गर्मी से निपटने में पूरी तरह असमर्थ साबित हो रहे हैं। बहुत सारे ऑपरेशन में देरी हो रही है और उन्हें रद किया जा रहा है क्योंकि एनएचएस की इमारतें जो एक अलग युग के लिए डिजाइन की गई थीं, वे गर्मी का सामना करने में असमर्थ हैं।
सिर्फ ऑपरेशन थिएटर जैसे आवश्यक जगहों पर AC
NHS अस्पताल के गाइडलाइन के अनुसार, एसी का उपयोग केवल आवश्यक क्षेत्रों में ही किया जा सकता है, जिनमें ऑपरेशन थिएटर शामिल हैं। हालांकि, पुरानी बुनियादी ढांचे के कारण कई अस्पताल गर्मियों के बढ़ते तापमान का सामना करने में असमर्थ थे।
कुछ ऑपरेशन थिएटरों में आर्द्रता इतनी अधिक होती है कि ऑपरेशन करने वाले उपकरणों पर पानी की बूंदें जम जाती हैं। मरीजो को सर्जरी के लिए ऐसे कमरों में इंतजार करना पड़ता है जहां ठंडक के लिए केवल एक छोटा पंखा लगा होता है।
टिम लेन के अनुसार, यह कोई असाधारण घटना नहीं है, न ही यह कोई अलग-थलग घटना है। यह एक गहरी समस्या का लक्षण है। क्योंकि हमारे कई अस्पताल अब ब्रिटेन में पड़ने वाली भीषण गर्मी से निपटने के लिए सुसज्जित नहीं हैं।





