बर्फीले तूफान में लापता 5 जवान तीन दिन बाद भी नहीं मिले, बचने के आसार कम

श्रीनगर. उत्तरी कश्मीर में हिमस्खलन के बाद लापता हुए पांच जवानों के जिंदा बचने की उम्मीद कम होती जा रही है। उनका बुधवार को तीसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। बर्फीले तूफान जैसी स्थितियों से खोज और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। गुरेज और नौगाम सेक्टर में सोमवार को आए बर्फीले तूफान में लापता हुए जवानों को ढूंढने के लिए कई रेस्क्यू टीम लगाए गए हैं। गुरेज में ही मंगलवार को सेना के एक कुली की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई थी।
कश्मीर और हिमाचल में तीसरे दिन भी बर्फबारी
– जम्मू-कश्मीर में बुधवार को भी बर्फबारी जारी रही। श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 10 उड़ानें रद्द कर दी गई। गुलमर्ग में पारा माइनस 9.8 डिग्री तक गिर गया है।
– मौसम विभाग के अनुसार 15 दिसंबर के बाद ही मौसम में सुधार आएगा। उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार तीसरे दिन हिमपात और बारिश हुई।





