पत्रकारों पर भड़क गए CM नीतीश, मर्यादा का उल्लंघन ना करने की दे डाली नसीहत….

बिहार में एक्यूट इन्सेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। आंकड़ा 150 के पार पहुंच गया है। लेकिन, सूबे की सरकार इसे लेकर संवेदनशील नहीं दिख रही है। कम से कम सूबे के मुखिया और सरकार में शामिल मंत्रियों के बयान से तो ऐसा ही लग रहा है।
पिछले दिनों एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने बच्चों की मौत के सवाल पर चुप्पी साध ली थी। अब सूबे के सीएम नीतीश कुमार बच्चों की मौत के सवाल पर जवाब देने की जगह मीडिया पर ही भड़क गए। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को संसद में भी बच्चों की मौत का मामला जोर-शोर से उठा।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान शुक्रवार को राज्यसभा के लिए नामांकन करने के लिए पटना में मौजूद थे। सीएम नीतीश कुमार भी उनके साथ थे। इसी दौरान पत्रकारों ने चमकी बुखार से बच्चों की मौत को लेकर सवाल कर दिया। इससे नीतीश कुमार भड़क गए और मीडियाकर्मियों को नसीहत दे डाली। इसका वीडियो फुटेज भी वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि नीतीश कुमार पत्रकारों से नाराज हैं।
इस वीडियो में पत्रकारों को लगभग फटकारते हुए नीतीश कुमार कहते हैं, ‘आप लोग मर्यादा का उल्लंघन कर रहे हैं। एक रिटर्निंग ऑफिसर के पीछे खड़े हो रहे हैं…इधर आइए…इधर आइए…।’ इस बीच पत्रकार लगातार बच्चों की मौत को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं।
हुआ ये कि रामविलास पासवान राज्यसभा का नॉमिनेशन करने विधानसभा पहुंचे थे जहां नीतीश कुमार भी मौजूद थे। नॉमिनेशन फाइल करते वक्त मीडियावालों के जमावड़े से रिटर्निग ऑफिसर के पास भीड़ लग गई और इसमें कई कैमरा पर्सन सीएम के भी काफी करीब चले गए।
नीतीश कुमार को लगातार मीडिया वाले कवर कर रहे थे। जब लगातार कैमरा चमक रहा था तो नीतीश कुमार गुस्से में आ गए और उन्होंने मीडिया वालों को खरी-खोटी सुनाई और कहा आप गलत जगह पर खड़े हैं और वहां से आप हट जाइए। वीडियो में दिख रहा है कि नीतीश कुमार मीडिया वालों पर गुस्सा करते हैं उसके बाद मार्शल उन्हें बाहर निकाल रहे हैं।
उधर, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने प्रेस वार्ता में बच्चों की मौत के सवाल पर जवाब देने से साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था, ‘मैंने पहले आपको बता दिया था कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सिर्फ बैकिंग समिति से जुड़े मुद्दे के लिए है। इसके अलावा कोई विषय होगा तो उसके लिए अलग से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे…आपको इसके बारे में पूछना है तो पूछिए ..नहीं तो इसे खत्म करें।’





