दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘जन नायकन’

इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्म ‘जन नायकन’ का जलवा है। हॉलीवुड फिल्म ‘द ओडिसी’ ने भी शुक्रवार को अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। जानिए ‘धमाल 4’ ने कितना कमाया है।

सीएम विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज को दो दिन हो चुके हैं। फिल्म ने दोनों ही दिन अच्छी कमाई की है। क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ भी अच्छी कमाई कर रही है। इसके अलावा अजय देवगन की ‘धमाल 4’ के कलेक्शन में भी इजाफा हुआ है। जानिए बीते दिन किस फिल्म ने कितना कलेक्शन किया है?

जन नायकन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एक्टर विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ ने शुक्रवार को 21.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले दिन इसने 42 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म का कुल कलेक्शन 63.85 करोड़ रुपये हो चुका है। यह फिल्म करीब सात महीने की देरी के बाद रिलीज हुई है। इसे विजय की आखिरी फिल्म कहा जा रहा है, क्योंकि अब वे राजनीति में आ गए हैं।

द ओडिसी
हॉलीवुड फिल्म ‘द ओडिसी’ को भी भारतीय दर्शकों से काफी प्यार मिल रहा है। क्रिस्टोफर नोलन की यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज हुई थी। शुक्रवार को इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 6.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। गुरुवार को इसने 6.15 करोड़ रुपये कमाए थे। इसका कुल कलेक्शन 97.15 करोड़ रुपये हो चुका है। जल्द ही यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शतक जड़ देगी।

धमाल 4
अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और संजीदा शेख जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘धमाल 4’ 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 15वें दिन इसने 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। गुरुवार को इसने 2.15 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘धमाल 4’ का टोटल कलेक्शन 139.15 करोड़ रुपये हो चुका है।

Back to top button