दस दिन में तीसरा रेल हादसा, रहम करो ‘प्रभु’

रुक नहीं रहे रेल हादसे, नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के 9 डिब्बे पटरी से उतरे
19 अगस्त को उत्कल एक्सप्रेस और 23 अगस्त को कैफियत एक्सप्रेस के डिब्बेउतर गए थे पटरी से

a1

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। भारतीय रेलवे की सुरक्षा भगवान भरोसे है। आज सुबह महाराष्टï्र के टिटवाला में नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन और नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। इस ट्रेन में कुल 18 डिब्बे थे। यह दुर्घटना उस समय हुई जब अधिकतर यात्री सो रहे थे। हादसे का कारण भूस्खलन बताया जा रहा है। पिछले दस दिन में यह तीसरा रेल हादसा है।
महाराष्ट्र के वासिंद और आसनगांव स्टेशनों के बीच सुबह 8.36 बजे यह हादसा हुआ। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने कहा कि इस घटना में अभी तक किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह भारी बारिश के कारण अचानक हुआ भूस्खलन है, लेकिन चालक ने आपात ब्रेक लगाकर समझदारी भरा काम किया। हालांकि रेलवे के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि ट्रेन के पटरी से उतरने की सटीक वजह साफ नहीं है।
मालूम हो कि पिछले दस दिन में यह तीसरा रेल हादसा है। 23 अगस्त 2017 को उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में देर रात कैफियत एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जिसमें 78 लोग घायल हुए थे। वहीं 19 अगस्त 2017 को उत्कल एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर के खतौली के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 24 लोगों की मौत और 150 लोग जख्मी हुए थे। इस हादसे में रेल अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई थी। इन हादसों के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने पीएम मोदी के सामने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पीएम मोदी ने प्रभु को इंतजार करने को कहा था।

पूर्र्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा की गाड़ी से मिले 30 लाख के पुराने नोट

गोमतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। सपा सरकार में पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा की गाड़ी से 30 लाख के पुराने नोट बरामद हुए हैं। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में आज सुबह पुलिस ने गाड़ी और दो अन्य युवकों को पुराने नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
राजधानी में भी पुराने नोटों को बदलने का धंधा जारी है। इसी क्रम में गोमतीनगर क्षेत्र में पुलिस को आज सुबह एक गाड़ी से 30 लाख रुपये के पुराने नोट बरामद हुए हैं। इन नोटों को ले जा रहे दो युवकों को रिवॉल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। ये युवक उन्नाव के किसी कारोबारी का पुराना नोट कमीशन पर बदलने ले जा रहे थे। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। वहीं जिस गाड़ी से पुराने नोट बरामद हुए हैं वह सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे रविदास मेहरोत्रा की बताई जा रही है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा पुरानी नोट रखा जाना भी अब एक अपराध घोषित कर दिया गया है। उसके बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।

कोई भी अयोग्य नहीं है बस एक योग्य योजक चाहिए: सीएम योगी

सकारात्मक सोच वालों को अवश्य मिलती है सफलता
कहा, यूपी में युवाओं को भ्रष्टाचारमुक्त तरीके से नौकरी दिलाने का प्रयास

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रोजगार समिट का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का आयोजन साइंटिफिक कंवेंशन सेंटर में किया गया। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि यूपी में रोजगार समिट सार्थक दिशा में बढ़ रही है। लोग पूछते हैं यहां कार्य कैसे होगा। एक समय था जब लोग चाय नहीं पीते थे लेकिन चाय पीना सिखाया गया। आज चाय का एक बड़ा मार्केट है। इसलिए अगर हम सबकी सोच सकारात्मक है तो सफलता अवश्य मिलेगी। यदि सोच नकारात्मक है तो सफलता नहीं मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी युवा शक्ति यूपी के पास है। यहां कोई भी अयोग्य नहीं है बस एक योग्य योजक चाहिए। इसलिए यूपी सरकार युवाओं के साथ योजक के रूप में है। सरकार अब तक छह लाख युवाओं का रजिस्ट्रेशन करा चुकी है। उन्होंने कहा कि भाषणबाजी से बेहतर होता कि युवाओं के विचार जानने की कोशिश की जाती। योगी ने पीएम मोदी के स्किल डेवलपमेंट पर जोर दिया। प्रदेश में इंजीनियरिंग कालेज बंद होने के मुद्देे पर कहा कि सरकार किसी भी इंजीनियरिंग कालेज को बंद नहीं होने देगी। वह अपनी तरफ से हर संभव सहयोग करेगी। वही श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रम विभाग समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का विभाग है। सीएम प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिलाने को लेकर काफी चिंतित हैं। सरकार का लक्ष्य 5 साल में 70 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा है। वह बार-बार पूछते रहते हैं कि युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में क्या हो रहा है। श्रम मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद यूपी सरकार सबसे अधिक श्रम सुधार कर रही है। प्रदेश सरकार लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए तैयार है। यह भी कहा कि मेक इन इंडिया की कामयाबी मेक इन यूपी पर निर्भर करेगी। इसलिए यूपी अपने लक्ष्य को हासिल करने में सफल होगा और पीएम मोदी का मेक इन इंडिया का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा। इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएम योगी के समक्ष सेवायोजन विभाग में छठां वेतनमान लागू करने की मांग की है। वहीं राज्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिये युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार देने की सरकार पहल कर रही है। जिसका लाभ युवाओं को अवश्य मिलेगा। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा व उद्योग जगत की तमाम नामचीन हस्तियां भी मौजूद रहीं।

हसनगंज में मिला महिला का अज्ञात शव

राजधानी के हसनगंज थाना क्षेत्र में आज सुबह एक महिला का अज्ञात शव बरामद हुआ। इस बात की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हसनगंज कोतवाली प्रभारी पीके झा ने बताया कि आज सुबह हसनगंज क्षेत्र से सूचना मिली की किसी महिला की हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर झाडिय़ों में फेंक दिया गया है। स्थानीय लोगों को जब बदबू आयी और बोरे के पास कुत्ते मडराते नजर आये तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लाश किसकी है, इस बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Back to top button