दो मई को श्रीनगर लौटेगी सरकार, चार से शुरू होगा काम; जम्मू में स्थापित होगा ग्रीष्मकालीन कार्यालय

जम्मू में छह माह के प्रवास के बाद प्रदेश सरकार अब श्रीनगर जा रही है। चार मई से प्रदेश सरकार के विभाग श्रीनगर सचिवालय से कामकाज शुरू करेंगे। दो मई को शनिवार के अवकाश के दौरान सभी विभाग श्रीनगर बदले जाएंगे।

जम्मू में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले विभाग 30 अप्रैल को बंद हो जाएंगे और छह दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालय 2 मई को बंद होंगे। सभी विभागों को कार्यालय में 33 फीसदी कर्मचारी या 10 अधिकारी ही ले जाने की इजाजत होगी। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव एम राजू ने बुधवार को अधिसूचना जारी की है।

नए कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए अप्रैल माह का वेतन 29 तारीख को जारी होगा। दरबार मूव के दौरान असाधारण परिस्थितियों के अलावा कर्मचारियों को अवकाश नहीं मिलेगा। संपदा विभाग दरबार मूव के साथ स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रीनगर में आवास प्रदान करेगा। प्रदेश सरकार ने जम्मू-कश्मीर परिवहन निगम (जेकेआरटीसी) से एक से तीन मई के बीच पर्याप्त और अच्छी हालत की बसें उपलब्ध करवाने के लिए कहा है।

जम्मू से श्रीनगर रवाना होने वाले काफिले के साथ दो खाली बसें और एक क्रेन भेजी जाएगी ताकि रास्ते में बसों के खराब होने के कारण कर्मचारियों को मुश्किल का सामना न करना पड़े। बसों के एडवांस टिकट 20 अप्रैल से सिविल सचिवालय और जेकेआरटीसी के मुख्य बुकिंग काउंटरों से जारी किए जाएंगे।

जम्मू-कश्मीर के पुलिस कर्मचारियों को ले जा रहे काफिले को उनके गंतव्य तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा प्रदान करेगी। पुलिस महानिदेशक यह सुनिश्चित करेंगे कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग और बनिहाल काजीगुंड सुरंग को पार करते समय काफिले को प्राथमिकता दी जाए। पुलिस महानिदेशक संबंधित फील्ड एजेंसियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी करेंगे।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, जम्मू से श्रीनगर जाने वाले कर्मचारियों के लिए झज्जरकोटली, उधमपुर, चिनैनी, रामबन, रामसू, बनिहाल और काजीगुंड में चिकित्सा सहायता सुविधाओं की व्यवस्था करेगा। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रशासनिक सचिव, कश्मीर और जम्मू मंडल के निदेशालयों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।

आदेश के अनुसार स्थानांतरित कर्मचारी उचित आवंटन आदेश के बिना किसी भी सरकारी आवास पर कब्जा नहीं कर सकता है। हालांकि, कर्मचारी जम्मू में उन्हें आवंटित सरकारी आवास को अपने वास्तविक उपयोग के लिए रख सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि श्रीनगर में स्थानांतरित कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनियों के आसपास उपयुक्त स्थानों पर राशन काउंटर स्थापित किए जाएं ताकि राशन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

कर्मचारियों को मिलेगा 25,000 रुपये स्थानांतरण यात्रा भत्ता
कर्मचारियों को 25,000 रुपये विशेष स्थानांतरण यात्रा भत्ता प्रदान किया जाएगा। हालांकि, निर्धारित तिथि से पहले या उसके भीतर स्थानांतरण न करने वाले कर्मचारियों को विशेष स्थानांतरण यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। गैर-राजपत्रित स्थानांतरित कर्मचारियों के पक्ष में अग्रिम वेतन अधिकृत किया जाएगा जो इसके लिए आवेदन कर सकते हैं और यह नियमों के अनुसार किश्तों में वसूल किया जाएगा।

जम्मू में स्थापित होगा ग्रीष्मकालीन कार्यालय
दरबार मूव के श्रीनगर जाने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग जम्मू स्थित सिविल सचिवालय में ग्रीष्मकालीन सचिवालय स्थापित करेगा। सभी प्रशासनिक विभाग 27 अप्रैल को या उससे पहले जम्मू डिवीजन के अधीनस्थ कार्यालयों से अपने कर्मचारियों को चयनित करेंगे। सिविल सचिवालय के एसएसपी (सुरक्षा) संलग्न कर्मचारियों से अस्थायी पहचान पत्र वापस ले लेंगे और जम्मू में कार्यालय बंद होने से पहले सामान्य प्रशासन विभाग को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

Back to top button