तमिलनाडु के आईजीपी सेंथिल का होगा तबादला

चुनाव आयोग ने तमिलनाडु सरकार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केए. सेंथिल वेलन को पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पद से तबादला करने और उनकी जगह अविनाश कुमार को तत्काल प्रभाव से नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
चुनाव आयोग ने रविवार को निर्देश दिया कि 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी अविनाश कुमार को नया आईजी (खुफिया) नियुक्त किया जाए। निर्देश में कहा गया है कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक सेंथिल को चुनाव संबंधी कोई भी जिम्मेदारी नहीं सौंपी जानी चाहिए।
तमिलनाडु के मुख्य सचिव को दी गई सूचना
इस संबंध में औपचारिक सूचना तमिलनाडु के मुख्य सचिव को दी गई, जिसकी एक प्रति मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी भेजी गई है। गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं।





