ठेंगे पर कोर्ट का आदेश, शिक्षण संस्थानों के पास धड़ल्ले से चल रही गुटखा-सिगरेट की दुकानें

छात्रों में तेजी से बढ़ रही है तंबाकू सेवन की आदत, स्कूल प्रशासन भी बना मूकदर्शक
हाथ पर हाथ धरे बैठा है शिक्षा विभाग, शिक्षक और अभिभावक भी हो रहे परेशान

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
Captureलखनऊ। न्यायालय के आदेश के बावजूद राजधानी के तमाम शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू, गुटखा, और सिगरेट की दुकानें धड़ल्ले से चल रही हैं। इसके कारण छात्र तंबाकू उत्पादों के लत का शिकार हो रहे हैं। इसके कारण अभिभावक और शिक्षक सभी परेशान है। वहीं तमाम शिकायतों के बावजूद शिक्षा विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
हाईकोर्ट ने शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, तंबाकू और शराब आदि की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण इस आदेश का पालन नहीं हो रहा है। लिहाजा स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू, सिगरेट आदि की दुकानें संचालित की जा रही है। राजधानी के 80 फीसदी स्कूलों के आस-पास इस तरह की दुकानें चलायी जा रही हैं। ये दुकानें कोर्ट के आदेशों को ठेंगा दिखा रही है। यही नहीं आदेश को लागू करने के लिए अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इन स्कूलों और कॉलेजों में प्रतिदिन हजारों छात्र पढऩे के लिए आते हैं। इन दुकानों के कारण छात्रों में तेजी से तंबाकू उत्पादों के उपयोग की लत लग रही है।
कई छात्र तो स्कूल और कॉलेज परिसर तक में ध्रूमपान करते हुए दिखाई पड़ते हैं। स्कूल की छुट्टी के समय यह नजारा आम होता जा रहा है। चौक निवासी प्रदीप रस्तोगी का कहना है कि स्कूल और कॉलेजों के पास तंबाकू उत्पादों की दुकानों के कारण बच्चों में इसकी लत लगातार बढ़ती जा रही है। इस मामले में शिकायत के बाद भी संबंधित विभाग कुछ नहीं कर रहे हैं। ऐशबाग निवासी अंकित श्रीवास्तव और एसपी सिंह का कहना है कि स्कूलों के पास इन दुकानों के कारण छात्रों में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। कई बार स्कूल प्रशासन से इस मामले में शिकायत की जा चुकी है। लेकिन वे शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग की जिम्मेदारी बताकर मामले को टाल जाते हैं। छात्रों में बढ़ती नशे की लत से शिक्षक भी परेशान हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट के आदेश को राजधानी में लागू कराने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह लापरवाही बरत रहा है।
नेशनल कॉलेज से लेकर सेंट फ्रांसिस तक दर्जनों दुकानें
राजधानी का नेशनल इंटर और डिग्री कॉलेज से लेकर सेंट फ्रांसिस एवं कैथेड्रल स्कूल के पास गुटखा, तंबाकू और सिगरेट की दुकानें चल रही हैं। नेशनल कॉलेज से सटी दीवार के किनारे महाराणा प्रताप रोड पर दोनों चौराहों के बीच करीब आठ-दस पान, तम्बाकू और सिगरेट की दुकानें हैं। इसके अलावा सेंट फ्रांसिस और कैथेड्रल के पास दीवारों से सटी करीब पांच-छह दुकानों का संचालन किया जा रहा है। यही नहीं राजभवन के करीब स्थित क्राइस्ट चर्च कॉलेज के बाहर कई दुकानें चल रही हैं। लोरेटो कॉलेज के सामने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बाहर दुकानें सजी हुई हैं।

स्कूलों के पास तंबाकू और सिगरेट की दुकानों को हटवाने के लिए पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जल्द ही इस मामले पर कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश कुमार सिंह डीआईओएस

Back to top button