जमीन से हजारों फीट ऊपर हवा में लटकने का है जिगरा? तो ट्राई करें भारत के 5 रोपवेज जो थमा देंगे आपकी सांसें!

कल्पना कीजिए कि आप सपने में जमीन से हजारों फीट की ऊंचाई पर हवा में उड़ रहे हैं, जहां से नीचे देखने पर हरे-भरे पहाड़, कल-कल बहती नदियों और आसपास मंडराते बादल दिख रहे हों। क्यों आ रहा है न एकदम जन्नत जैसा फील? कुछ ऐसे ही हैं भारत के ये चुनिंदा रोपवे जिसे हम केबल कार कहकर बुलाते हैं।

अगर आप प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं पर सफर एडवेंचर वाला चाहते हैं तो इन केबल कारों को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल करें।

जम्मू और कश्मीर का गुलमर्ग गोंडोला
गुलमर्ग गोंडोला जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित है। सबसे खास बात कि यह एशिया ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे लंबी केबल कारों में गिनी जाती है। करीब 3,980 की ऊंचाई पर बना यह रोपवे गुलमर्ग को कोंगडोरी और अफरवात की ऊंची पीक से कनेक्ट करता है। सर्दियों में जहां बर्फ की सफेद चादर दिखाई देती है, वहीं गर्मियों में देवदार के जंगल, हरे-भरे घास के मैदान और रंग-बिरंगे फूलों का व्यू दिखता है।

उत्तराखंड का औली रोपवे
जोशीमठ को औली से जोड़ने वाला उत्तराखंड का औली रोपवे बेहद खास है। बता दें कि यह कश्मीर के गुलमर्ग गोंडोला के बाद एशिया का दूसरा सबसे लंबा और ऊंचाई पर बना रोपवे है। इसकी कुल लंबाई 4.15 किलोमीटर के आसपास है जिसका सफर पूरा करने में लगभग 25 मिनट का समय लगता है। यहां से गढ़वाल हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों के खूबसूरत नजारे लिए जा सकते हैं।

सिक्किम का गंगटोक रोपवे
सिक्किम की राजधानी में बना यह रोपवे करीब 935 मीटर लंबा है जो अपने जिग-जैग रूट के लिए टूरिस्ट का खास आकर्षण बना हुआ है। यहां से दुनिया का तीसरा सबसे ऊंचे पर्वत कंचनजंघा को आसानी से देखा जा सकता है। बता दें कि गंगटोक केबल कार देओराली, नामनांग और ताशिलिंग स्टेशनों को जोड़ने का काम करती है।

पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग रोपवे
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग रोपवे को ‘रंजीत वैली केबल कार’ के नाम से भी जाना जाता है। भारत का यह सबसे पुराना रोपवे देश का पहला पैसेंजर केबल कार सिस्टम भी है, जहां से दार्जिलिंग हिल स्टेशन का सुंदर व्यू लिया जा सकता है। इसके सफर की बात करें तो यह केबल कार दार्जिलिंग के नॉर्थ पॉइंट से शुरू होती है और नीचे घाटियों से होते हुए चाय के बागानों तक जाती है।

मध्य प्रदेश का भेड़ाघाट रोपवे
मध्य प्रदेश के जबलपुर में भेड़ाघाट नामक जिले में यह रोपवे स्थित है, इसके सफर पर निकलेंगे तो आप नर्मदा नदी और संगमरमर की चट्टानों के साथ वॉटरफाल के दृश्यों का लुत्फ उठा पाएंगे।

Back to top button