कुवैत एयरपोर्ट पर हमले में जान गंवाने वाले भारतीय का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा भारत

कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को हुए हमले में जान गंवाने वाले भारतीय का पार्थिव शरीर शुक्रवार को भारत पहुंच सकता है। पश्चिम एशिया की स्थिति पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने गुरुवार को कहा, कुवैत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की जान चली गई। भारतीय दूतावास मृतक के परिवार के संपर्क में है।

इस हमले में 13 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनका कुवैत के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर नजर रख रहा है।

महाजन ने कहा कि ईरान का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है। हमने भारतीयों को ईरान यात्रा से बचने की सलाह दी है। अब तक, तेहरान स्थित हमारे दूतावास ने भूमि मार्गों से 2,557 भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकालने में सहायता की है। उन्होंने कहा कि इजरायल का हवाई क्षेत्र खुला है और इस क्षेत्र के लिए सीमित उड़ान संचालन फिर शुरू हो गया है।

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बुधवार को कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसके बाद कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। घटना के बाद भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने कुवैत आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 4 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दी थी।

Back to top button