कर्नाटकः ‘प्रसाद’ में जहर मिलाने के मामले में स्थानीय महंत, तीन और लोग गिरफ्तार, 15 लोगों की हुई थी मौत

दक्षिण जोन के आईजीपी के वी शरत चंद्र ने बताया कि 52 साल के महंत और उसके साथियों में शामिल एक महिला, उसके पति और उसके दोस्त को आईपीसी की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है.
बेंगलुरूः पुलिस ने कर्नाटक के चामराजनगर जिले में एक मंदिर के प्रसाद में जहर मिलाने की घटना के संबंध में बुधवार को एक स्थानीय महंत और तीन अन्य को गिरफ्तार किया. उन्हें प्रबंधन की छवि को नुकसान पहुंचाने और मंदिर का नियंत्रण हासिल करने की कोशिश में श्रद्धालुओं की हत्या की साजिश रचने के आरोपों पर गिरफ्तार किया गया.
दक्षिण जोन के आईजीपी के वी शरत चंद्र ने बताया कि 52 साल के महंत और उसके साथियों में शामिल एक महिला, उसके पति और उसके दोस्त को आईपीसी की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है.
Sharath Chandra, IGP South Zone on 13 deaths after consuming prasad at Chamarajanagar temple, #Karnataka: This was done to get control over the temple. So far four persons have been arrested. It is suspected that poison was mixed with the prasad. pic.twitter.com/0OdkCgXYk8
— ANI (@ANI) December 19, 2018
उन्होंने कहा, ‘महादेश्वर हिल सालुरू मठ महंत पी आई महादेश्वर स्वामी उर्फ देवन्ना बुद्धि ने ना केवल मंदिर का नियंत्रण हासिल करने बल्कि न्यास के मौजूदा सदस्य की छवि खराब करने की साजिश रची.’ आईजी ने बताया कि महंत 2017 तक मंदिर न्यास के नियंत्रण में थे लेकिन बाद में उनकी अनदेखी कर दी गई जिससे वह गुस्सा हो गए.
उन्होंने बताया कि महंत की तरफ से 35 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक का बंदोबस्त किया और उसके पति और दोस्त ने प्रसाद बनाते समय उसमें जहर मिलाया. गौरतलब है कि 14 दिसंबर को सुलावाडी में जहर मिला प्रसाद खाने के बाद 15 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं. आईजी ने बताया कि जांच अब भी चल रही है और उन्होंने कुछ और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया.





