आधार कार्ड को लेकर शिक्षा विभाग सख्त
छात्रों का आधार कार्ड न जमा कराने वाले स्कूलों के प्रधानाचार्यों पर होगी कार्रवाई
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से सभी छात्रों का आधार कार्ड स्कूलों में जमा कराना अनिवार्य किया गया था, लेकिन स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसके कारण अब ऐसे प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ऐसे प्रधानाचार्यों को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है। आधार कार्ड के लिए शिविर लगाया जाना था, लेकिन अभी तक कई स्कूलों में शिविर नहीं लगाए जा सके हैं। स्कूलों में कक्षा नौ से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं का आधार बनना अनिवार्य था। जिन छात्रों का आधार बना हुआ है, उसे विभाग से लिंक कर दिया जाएगा।
प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को यह निर्देश दिए गए थे कि जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद के सभी प्रधानाचार्य प्रशासन से संंपर्क कर विशेष शिविर लगवाकर छात्रों का आधार नामांकन कराएं। इससे सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं की गणना हो सकेगी। जिन स्कूलों में आधार कार्ड लिंक नहीं किए जाएंगे वहां के प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक अमरनाथ वर्मा ने बताया कि ऐसे स्कूलों की सूची तैयार की जा रही है।
परिषदीय स्कूल के बच्चों का आधार बनाने का काम फंसा
परिषदीय विद्यालयों में पढऩे वाले करीब पौने दो लाख बच्चों का आधार बनाने का काम फंस गया है। इन बच्चों के आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी यूपी डेस्को को दी गई थी, लेकिन वह सभी बच्चों का आधार नहीं बना सकी। जिसके कारण यह यूपी डेस्को से वापस लेकर बेसिक शिक्षा परिषद को दे दी गई। बावजूद इसके अब तक परिषद की ओर से भी आधार बनाने का काम नहीं शुरू हो सका है। विभागीय जानकारों की मानें तो पहले यूपी डेस्को को 20 मई तक कक्षा एक से आठवीं तक 2,09,846 छात्र-छात्राओं का आधार कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन वह लक्ष्य अभी पूरा नहीं कर सकी।





