दिल्ली मेट्रो की वेबसाइट और ऐप पर सभी मेट्रो स्टेशनों की उपलब्ध है पूरी जानकारी

दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने अपनी वेबसाइट को यात्रियों के लिए और अधिक जानकारीयुक्त बनाने के साथ ही एक मोबाइल ऐप भी लांच किया है, जो स्वागतयोग्य है। वेबसाइट और ऐप पर अब यात्रियों के लिए मेट्रो रूट का पूरा नक्शा उपलब्ध होगा, जिसके जरिये वे अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं। इसके जरिये यात्रा में लगने वाला समय और किराया भी आसानी से जाना जा सकता है। किसी मेट्रो लाइन पर पड़ने वाले स्टेशनों में कौन सा बंद है या लाइन पर सेवा में कोई रुकावट है, इसकी भी रीयल टाइम जानकारी मोबाइल ऐप के जरिये हासिल की जा सकती है।

मोबाइल फोन ऐप के जरिये मेट्रो यात्री यह भी जान सकते हैं कि किसी स्थान के सबसे करीब कौन सा मेट्रो स्टेशन है, साथ ही उन्हें यात्रा करने के दौरान इसपर अगले मेट्रो स्टेशन का अलर्ट भी मिलेगा। यही नहीं, इससे बाहर से आए यात्री दिल्ली में घूमने के स्थानों की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।
डीएमआरसी का वेबसाइट में सुधार करना और नया ऐप लांच करना मेट्रो को यात्रियों के लिए और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। ऐसी उम्मीद की जानी चाहिए कि यात्री इस वेबसाइट और एप का इस्तेमाल कर अपनी मेट्रो यात्रा को और सुखद बनाएंगे।
मेट्रो प्रबंधन यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाएगा तो निश्चित तौर पर अधिकाधिक लोगों का मेट्रो के प्रति आकर्षण बढ़ेगा, जो राजधानी दिल्ली के लिए लाभदायक साबित होगा। इससे यदि लोग अपने निजी वाहन छोड़कर मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं तो सड़कों पर वाहनों का दबाव घटेगा और सड़कों पर यातायात जाम से निजात मिलने के साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर घटाने में भी मदद मिलेगी। मेट्रो प्रबंधन को चाहिए कि वह चौथे चरण की परियोजनाओं पर तेजी से काम कर उन्हें जल्द से जल्द पूरा करे, ताकि इन नए रूटों पर भी लोगों का सफर सुविधाजनक हो सके।





