तालाब से दो व्यक्तियों का शव मिलते ही चारो तरफ मचा बवाल

मुजफ्फरपुर। बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी थानाक्षेत्र  के दुर्गापट्टी में रविवार सुबह से तालाब में शव की खोजबीन के दौरान लापता दो व्यक्तियो़ का शव मिलते ही बवाल मच गया। डीएसपी पुष्कर कुमार समेत पुलिस बल को आक्रोशित लोगों ने  खदेड़ दिया। पुलिस पर रोड़ेबाजी करते हुए एक रायफल भी छीन लिए जाने की सूचना है। रोड़ेबाजी में एक जवान भी घायल बताया जाता है। घटना स्थल से डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस अपनी जान बचाकर भाग खड़ी हुई।

बहरहाल आक्रोशित ग्रामीण पुलिस पर हत्या का आरोप लगाकर न्याय की मांग करते एनएच 104 को जाम कर धरने पर बैठ गए हैं। जानकारी दें कि रविवार सुबह से ही तालाब में पुलिस व मछुआरों के सहयोग से लापता चार लोगों  की खोजबीन के लिए तालाब में महाजाल लगाया गया था, जिसमें  लापता 35 वर्षीय मिथिलेश सदा व 45 वर्षीय रामाशीष सदा के शव बरामद हो गए। शव मिलते ही घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और पुलिस को भागना पड़ा।

लापता व्यक्तियों की खोज की मांग करते हरलाखी थाना क्षेत्र के सोठगांव टोले मधुबनी स्थित बेनीपट्टी- उमगांव मुख्य सड़क को ग्रामीणों ने रविवार सुबह से जाम कर दिया था। सड़क पर  टायर जला कर ग्रामीण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कई थानों की पुलिस कैम्प भी कर रही थी।

मालूम हो कि शनिवार की सुबह कुछ तस्कर नेपाल से शराब की एक खेप लेकर भारत आ रहे थे। इस आशय की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। जिसके आलोक में जब पुलिस कार्रवाई के लिए दुर्गापट्टी गांव के समीप पहुंची तो कुछ व्यक्तियों ने पुलिस को देख बगल के तालाब में छलांग लगा दी थी। जबकि दो को शराब के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अंधेरा की वजह से पुलिस तालाब में छलांग लगाए व्यक्तियों को ढूंढ नहीं पाई थी।

इधर ग्रामीणों का कहना है कि ये लोग नेपाल से शराब पीकर वापस आ रहे थे। जहां पुलिस को देखकर डर से तालाब में छलांग लगा दी। पुलिस को उन्ह़े ढूंढना चाहिए था, परंतु पुलिस ने लापरवाह रवैया अपनाया।

लापताव्यक्तियों में सोठगांव टोले मधबनी निवासी झगरू सदा, मिथिलेश सदा, उपेंद्र सदा व प्रमोद सदा शामिल थे, जिनमें मिथिलेश और रामाशीष सदा के शव तालाब से निकल चुके हैं। इधर लोग सड़क जाम कर आंदोलनरत हैं।

Back to top button