जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकी हमला, एक पुलिसकर्मी शहीद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में पुलिस चौकी पर आतंकियों के हमले में शुक्रवार को राज्य पु़लिस का एक जवान शहीद हो गया। फिलहाल, आतंकियों को पकड़ने के लिए सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त कार्यदल ने पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान चलाया है।

जानकारी के अनुसार, बडगाम के वाडवान इलाके में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए एक पुलिस चौकी स्थापित है। स्वचालित हथियारों से लैस पांच से छह आतंकियों ने आज दोपहर को इस चौकी को चारों तरफ से घेरते हुए हमला किया।

आतंकियों का इरादा चौकी में घुसकर पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारते हुए उनके हथियार लूटना था। लेकिन चौकी में मौजूद जवानों ने आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया,लेकिन आतंकियों को वापस भागना पड़ा। आतंकियों के भागने के फौरन बाद घायल पुलिसकर्मी को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया पर तब तक देर हो चुकि थी। शहीद पुलिसकर्मी का नाम शमीम अहमद है। वह यारीपोरा कुलगाम का रहने वाला था।

एसएसपी बडगाम तेजेंद्र सिंह ने आतंकी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक जवान शहीद हुआ है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और आतंकियों को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान छेड़ दिया गया है। चाैकी से हथियार लूटे जाने या किसी अन्य जवान के जख्मी होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी तक हथियार लूटे जाने की कोई सूचना नहीं है।  

 
Back to top button