लुधियाना.मानसून सीजन खत्म होने के बाद जहां लोगों को दिन में तेज धूप परेशान कर रही है। वहीं, रात को हलकी ठंडक का अहसास हो रहा है। दिन-रात के तापमान में अंतर आने से ये स्थिति बन गई है। मौसम महकमे के मुताबिक इस समय दिन का तापमान सामान्य (33 डिग्री) से दो डिग्री ज्यादा चल रहा है।
वहीं, न्यूनतम तापमान (25 डिग्री) में सामान्य से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम महकमे के मुताबिक शुक्रवार को आसमान में बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट सकती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक सूबे में धान की फसल पकने वाली है। अगर आने वाले दिनों में भी तेज धूप पड़ती रही तो फसल और जल्दी पक जाएगी और मंडियों में पहुंच सकेगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा किसानों को होगा, क्योंकि जल्दी फसल पकने पर वे आगामी सीजन के लिए तैयारी कर सकेंगे।
पिछले कुछ दिनों की बात करें तो तीन सितंबर से अब तक दिन का पारा 35 डिग्री के आसपास चल रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।