PM मोदी की देवरिया में होने वाली चुनावी सभा की तैयारी हुई शुरू, सुरक्षा के लिए पहुंचे एसपीजी के अधिकारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है। गुरुवार की शाम को प्रशासनिक अधिकारियों और एसपीजी के अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक होगी। शहर से सटे सोंदा गांव में उनका कार्यक्रम तय हुआ है। 27 फरवरी को संभावित कार्यक्रम की रुपरेखा तय करने में पार्टी के बड़े नेता लगे हुए हैं। भाजपा ने सोंदा गांव के किसानों को फसल का मुआवजा बांट दिया है।
अधिकारियों के निरीक्षण के बाद स्थल का हुआ चयन
प्रधानमंत्री के सुरक्षा को लेकर एसपीजी के अधिकारी देवरिया पहुंच गए हैं। वह कार्यक्रम स्थल को देखने के बाद जिला प्रशासन के साथ सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, एसपी डा.श्रीपति मिश्र, सीडीओ रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज समेत अन्य अधिकारी भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह के साथ सोंदा गांव में जनसभा स्थल काे चयनित किया है। जनसभा स्थल पर भीड़ को देखते हुए तैयारी की जा रही है। स्थल पर कुछ किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। इसको देखते हुए किसानों से बातचीत की गई। किसान खेत देने को राजी हो गए।
22 बीघा जमीन में आयोजित होगी प्रधानमंत्री की रैली
भारतीय जनता पार्टी ने सोंदा गांव के किसानों की सहमति पर 22 बीघा खेत जनसभा के लिए लिया गया है। दोपहर में किसानों को 25 हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा अदा कर दिया । किसान अपने हाथों से गेहूं व सरसों की हरी फसल को काटने में जुट गए हैं। हरी फसल को काटने का काम जारी है।
ग्राम प्रधान की मौजूदगी में दिया गया फसलों का मुआवजा
ग्राम प्रधान रत्नेश मिश्र के अलावा लेखपाल नागेश पति त्रिपाठी व बड़ी संख्या में लेखपाल, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस मौजूद रहे। किसानों को उनकी फसल का वाजिब मूल्य दिया गया। खेतों में किसान अपने पशुओं को छोड़ दिए हैं।
बांस बल्ली आना शुरू
ठीकेदार डीसीएम से बांस बल्ली ले आना शुरू कर दिए हैं। मजदूरों का आना भी शुरू हो गया है। सदर कोतवाल अनुज सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद हैं और उच्चाधिकारियों को यहां की स्थिति से अवगत करा रहे हैं।
राज्य सभा सदस्य विवेक ठाकुर पहुंचे देवरिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए भाजपा के बड़े नेताओं के आने का क्रम शुरू हो गया है। राज्य सभा सदस्य विवेक ठाकुर गुरुवार को देवरिया पहुंचे। उन्होंने जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के साथ भी कुछ देर मंत्रणा की। प्रधानमंत्री के मंच पर प्रत्याशियों के अलावा किन किन नेताओं की उपस्थिति होगी। इसको लेकर भी चर्चा की गई।






