यूपी: एक लाख 47 हजार बूथ कमेटियों पर भाजपा का चक्रव्यूह तैयार

सपा-बसपा गठबंधन को देखते हुए भाजपा हर बूथ पर 2014 और 2017 से भी बेहतर परिणाम लाने का ताना-बाना बुन रही है। मिशन 2019 के लिए भाजपा ने नए सिरे से हर बूथ पर चक्रव्यूह की रचना शुरू कर दी है। सेक्टर, मंडल और जिला स्तर के नेताओं को सभी जाति, धर्म को बूथों में प्रतिनिधित्व देने की जिम्मेदारी दी गई है। निकट भविष्य में सदस्यता अभियान के साथ ही भाजपा के शीर्ष नेता बूथ से जुड़े कार्यकर्ताओं का भी हौसला बढ़ाएंगे।

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन कर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। नतीजतन भाजपा गठबंधन को 325 सीटें मिलीं और प्रचंड बहुमत की सरकार बनी। पर, यह सही है कि कार्यकर्ताओं ने जिस हौसले के साथ बूथों को जीतने की पहल की, सरकार बनने के बाद वह कायम नहीं रह सका। सर्वाधिक निराशा आम कार्यकर्ताओं को मिली और उसका असर गोरखपुर और फूलपुर के उपचुनाव में देखने को मिला।

भाजपा ने इससे सबक लिया और अब फिर नए सिरे से बूथ कमेटियों के गठन पर ताकत लगा दी है। प्रदेश में एक लाख 47 हजार 148 बूथ हैं। इनमें कुछ मुस्लिम बहुल और दलित बस्तियों के बूथों पर भाजपा की मजबूत पकड़ नहीं है। पर, इस बार वहां भी विशेष संपर्क अभियान के जरिये गठन किया जा रहा है। पांच मई तक इन बूथों की संरचना का अंतिम समय था लेकिन, अभी भी प्रक्रिया जारी है। औसतन बूथों पर 15 सदस्यीय कमेटी बनी है लेकिन, कुछ जगह 21 सदस्यीय भी है। सभी जाति और धर्म के लोगों के प्रतिनिधित्व के लिये हिदायत दी गई है। इसलिए बूथ कमेटियों का विस्तार किया जा रहा है।

बीएचयू में रात भर छात्रों के बीच पथराव और बमबाजी में कई घायल

भाजपा सरकार बनने के बाद दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष में बूथों पर वृक्षारोपण अभियान चलाये गये थे। बूथ के अधिक से अधिक मतदाताओं के घरों पर भाजपा का झंडा लगाने, स्टीकर और साहित्य वितरित किया गया था। भाजपा अब उन वृक्षों के रखरखाव में जुटी है। बूथ कमेटियों को ही सामाजिक सहयोग से वृक्षों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि इसमें बूथ कमेटियों को दिक्कत भी आयी। कई जगह वृक्ष सूख गये। भाजपा का पूरा ध्यान इस पर भी केंद्रित है।

उस समय ‘मेरा घर-भाजपा का घर जैसा नारा बुलंद किया गया था और पर्यवेक्षण के दौरान कार्यकर्ता नया नारा बोल रहे हैं- ‘हर बूथ भाजपा-हर वोट भाजपा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय कहते हैं कि भाजपा का संगठन दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है और दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलने वाली यह पार्टी आखिरी आदमी के चेहरे पर खुशहाली ला रही है। केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने हर क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया है। संगठन इसमें सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा।  

 

 
Back to top button