करोड़पति कारोबारी बने मुनि, 4 घंटे पहले टली पत्नी की दीक्षा, ऐसे चला पूरा घटनाक्रम

  • चित्तौड़गढ़.युवावस्था में कठोर वैराग्य लेने की भावना के चलते सुर्खियों में आए जैन दंपती सुमित व अनामिका राठौर की जोड़े से दीक्षा लेने की अभिलाषा अधूरी रह गई। शनिवार सुबह गुजरात के सूरत में जैनाचार्य रामलाल महाराज ने सुमित को भगवती दीक्षा दी। लेकिन राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दखल के बाद सुमित की पत्नी अनामिका को दीक्षा नहीं दी जा सकी। दंपती के पौने तीन साल की बेटी इभ्या है। इस कारण आयोग ने मां को साध्वी की दीक्षा दिलाने से रोका है।
    करोड़पति कारोबारी बने मुनि, 4 घंटे पहले टली पत्नी की दीक्षा, ऐसे चला पूरा घटनाक्रम

     हो चुकी थी पूरी तैयारी… 

    – नीमच में करोड़ों रुपए की संपति के मालिक 35 वर्षीय सुमित राठौर सुबह 8.15 बजे आचार्य के मुखारविंद से दीक्षा मंत्र लेने के साथ ही संत बन गए। हजारों लोगों की मौजूदगी में उनका नया नामकरण सुमित मुनि किया गया। सुमित के साथ पत्नी कपासन निवासी और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चंडालिया की बेटी अनामिका की भी दीक्षा होनी थी। इसके लिए पूरी तैयारी हो गई थी। एक दिन पहले सामूहिक बहुमान के साथ दोनों को मुंहपत्ती, ओगा आदि साधु वेश प्रदान करने की दीक्षा पूर्व की रस्में भी हो चुकीं थीं।
    – इसी बीच शुक्रवार शाम छह बजे घटनाचक्र बदला। समाज, परिजनों से काफी मंथन के बाद आचार्यश्री और संघ ने आयोजन से करीब चार घंटे पहले तड़के चार बजे अनामिका की दीक्षा को फिलहाल रोकने का फैसला ले लिया।

    आयोग के प्रसंज्ञान पर सूरत प्रशासन आया हरकत में

    – कपासन के अभिषेक चंडालिया, जयपुर की डॉ. रचना नाहठा व नीमच के एनजीओ कार्यकर्ता कपिल शुक्ला आदि की राष्ट्रीय मानवाधिकार, बाल संरक्षण आयोग सहित विभिन्न स्तर पर इस दंपती की दीक्षा को लेकर शिकायत पहुंची थी। जिसमें कहा गया कि दोनों के दीक्षा लेने पर इनकी पौने तीन साल की बेटी इभ्या के अधिकार का हनन होगा।
    – आयोग के सूरत कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर से मामले की जानकारी और रिपोर्ट मांगने पर शुक्रवार को पुलिस दीक्षा स्थल पर पहुंची। जहां सुमित व अनामिका ने भी दीक्षा लेने का ही बयान दिया। प्रशासन ने कानून का हवाला देते हुए फिलहाल एक दीक्षा रोकने को कहा। एक पुलिस इंस्पेक्टर पूरी रात आयोजन स्थल पर रहा।

    इसे भी देखें:- UN में सुषमा का करारा प्रहार- हमने एम्स-IIT बनाए और पाक ने लश्कर-हक्कानी किए पैदा…

    रात 2.30 बजे कमिश्नर के पास पहुंचे पिता

    – राठौर दंपती की दीक्षा के लिए दोनों के परिवारजनों व समाजजनों ने भरसक प्रयास किए। अनामिका के पिता भाजपा नेता अशोक चंडालिया ने रात 2.30 बजे पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचकर बच्ची के संबंध में आश्वस्त किया। बेटी के पालन पोषण के संबंध में दोनों परिवार के शपथ पत्र भी प्रशासन को सौंपे। अपने सियासी रसूखात का भी प्रयोग किया।

    इसलिए नाम सुमित मुनि ही रखा

    आचार्य श्री रामलाल ने दीक्षा के बाद नामकरण करते हुए कहा कि चूंकि इसी नाम से सात समंदर पार तक उनकी प्रसिद्धि फैल गई, इसलिए इनका यही नाम रखा जाता है।

    रात 4 बजे केवल सुमित की दीक्षा का फैसला

    – प्रशासन ने कहा कि बच्चे पर पहला अधिकार मां का होता है। पिता तैयार नहीं तब भी मां कम से कम पांच साल की होने से पहले बच्चे को नहीं छोड़ सकती। इसलिए मात्र शपथ पत्र पर्याप्त नहीं है।
    – इसके लिए कोर्ट के माध्यम से गार्जनशिप रजिस्टर्ड होनी चाहिए। संघ में देर रात बाद तक चले मंथन में निष्कर्ष निकला कि प्रशासन या आयोग दोनों की दीक्षा भले रोक नहीं सके, पर कानून बाद में भी परेशानी खड़ी कर सकता है। आचार्य ने तड़के चार बजे संघ पदाधिकारियों व परिवार को बुलाकर कहा कि अनामिका की दीक्षा की जल्दी नहीं, अभी सिर्फ सुमित की दीक्षा होगी।

    यही है इभ्या, जिसके लिए आयाेग ने लिया प्रसंज्ञान

    2 साल 10 महीने की यह बच्ची इभ्या है। इसके पिता सुमित शनिवार को सूरत में जैन मुनि बन गए। कानूनी अड़चन से मां अनामिका की दीक्षा एनवक्त पर रोक दी गई। दोनों के परिवार सहित दर्जनों रिश्तेदार भी तीन दिन से सूरत में ही है। इभ्या अपने ननिहाल कपासन के घर में ही रही। जहां उसकी पड़नानी सहित परिवार की कुछ महिलाएं, बच्चे व छोटे नाना उसकी देखभाल कर रहे हैं।

    अनामिका दीक्षा पर अडिग, दोनों परिवार ने आज्ञा पत्र सौंपे

    – अनामिका की दीक्षा भले ही रुक गई, पर वो अभी भी फैसले पर अडिग है। उसने कहा कि वह दीक्षा होने तक वैराग्यकाल ही बिताएगी। अभी संघ और गुरु की मर्यादा के लिए उसकी दीक्षा रोकी गई। अनामिका की मौजूदगी में हुए सुमित के दीक्षा समारोह में दोनों परिवारों और संघ ने दोनों की दीक्षा के आज्ञा पत्र भी आचार्य को सौंपे। सुमित व अनामिका ने दीक्षा प्रतिज्ञा पत्र पढ़े।
Back to top button