जानिए कब है प्रदोष व्रत और माघ शिवरात्रि, मौनी अमावस्या और गणेश जयंती

आज से फरवरी 2021 का दूसरा सप्ताह प्रारंभ हो गया है। आज माघ मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि है। आज के दिन तिल द्वादशी व्रत है। इस सप्ताह में माघ प्रदोष व्रत, माघ मासिक शिवरात्रि, मौनी अमावस्या, माघ गुप्त नवरात्रि, कुंभ संक्रांति और गणेश जयंती जैसे महत्वपूर्ण व्रत एवं त्योहार आने वाले हैं। जागरण अध्यात्म में आज हम जानते हैं कि ये महत्वपूर्ण व्रत एवं त्योहार किस दिन और किस तारीख को पड़ेंगे।

फरवरी 2021 के साप्ताहिक व्रत एवं त्योहार

08 फरवरी, दिन: सोमवार: तिल द्वादशी

तिल द्वादशी: आज तिल द्वादशी के दिन नदी स्नान और दान का बड़ा महत्व है। आज काले तिल का दान किया जाता है। भगवान विष्णु की पूजा करने के साथ उनको तिल का भोग लगाया जाता है। उनकी कृपा से सुख, समृद्धि और शांति प्राप्त होता है।

09 फरवरी, दिन: मंगलवार: भौम प्रदोष व्रत

माघ प्रदोष व्रत: इस वर्ष माघ मास का प्रदोष व्रत 09 फरवरी को है। मंगलवार होने के कारण यह भौम प्रदोष व्रत है। इस दिन प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा की जाती है। कर्ज से मुक्ति, संतान प्राप्ति, सुख, समृद्धि के लिए प्रदोष व्रत किया जाता है। यह प्रत्येक मास में दो बार हर त्रयोदशी तिथि को पड़ता है।

10 फरवरी, दिन: बुधवार: मासिक शिवरात्रि

माघ मासिक शिवरात्रि: माघ मास की मासिक शिवरात्रि 10 फरवरी को है। यह फरवरी 2021 की मासिक शिवरात्रि है। इस दिन भगवान शिव तथा माता पार्वती की पूजा की जाती है।

11 फरवरी, दिन: गुरुवार: मौनी अमावस्या

मौनी अमावस्या 2021: इस वर्ष मौनी अमावस्या 11 फरवरी को है। माघ कृष्ण अमावस्या को मौनी अमावस्या या माघी अमावस्या कहते हैं। इस दिन लोग गंगा समेत पवित्र नदियों में स्नान कर दान देते हैं और व्रत रखते हैं। इस दिन पीपल के वृक्ष तथा भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस दिन व्रत भी रखने की परंपरा है।

12 फरवरी, दिन: शुक्रवार: माघ गुप्त नवरात्रि प्रारंभ, कुंभ संक्रांति

माघ गुप्त नवरात्रि 2021: इस वर्ष के माघ गुप्त नवरात्रि का प्रारंभ 12 फरवरी दिन शुक्रवार को हो रहा है। इसमें मां दुर्गा की आराधना की जाएगी।

कुंभ संक्रांति 2021: इस वर्ष कुंभ संक्रांति का प्रारंभ 12 फरवरी को हो रहा है। इस दिन से सूर्य 1 माह के लिए कुंभ राशि में रहेंगे। इसका 12 राशियों पर भी शुभ और अशुभ प्रभाव पड़ेगा।

15 फरवरी, दिन: सोमवार: गणेश जयंती, विनायक चतुर्थी, गणेश जन्मोत्सव

गणेश जयंती या गणेश जन्मोत्सव 2021: माघ मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जयंती होती है। इस वर्ष यह 15 फरवरी को है। इस दिन ही भगवान गणेश जी का जन्म हुआ था। इस दिन को माघी गणेश चतुर्थी, माघ विनायक चतुर्थी या तिलकुंड चतुर्थी भी कहा जाता है।

Back to top button