CWG 2018: भारतीय महिला हॉकी टीम को वेल्स ने 3-2 से दी मात

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत बेहद निराशाजनक तरीके से की है. भारत को अपने पहले मैच में वेल्स के हाथों उलटफेर का शिकार होना पड़ा है.

वेल्स ने गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए मैच में भारत को 3-2 से ऐतिहासिक शिकस्त दी. यह वेल्स की भारत पर हॉकी इतिहास में पहली जीत है. भारतीय टीम को इस मैच में 15 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वो सिर्फ एक को ही गोल में तब्दील कर पाईं.

वेल्स ने शुरुआती मिनटों में भारत पर दबाव बनाया, हालांकि भारतीय महिलाओं ने जल्दी इस दबाव पर काबू पा लिया, लेकिन वो वेल्स को पहला गोल करने से नहीं रोक पाईं. 7वें मिनट में ही वेल्स ने इन राष्ट्रमंडल खेलों का पहला गोल कर दिया.

उसके लिए यह गोल सियान फ्रेंच ने किया. उन्होंने दाहिने छोर से शानदार स्वीप शॉट लेकर दीप ग्रेस इक्का और गोलकीपर सविता सिंह को मात दे गेंद को नेट में डाला. भारत ने काउंटर अटैक किया और 9वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन गुरजीत इसे गोल में तब्दील नहीं कर पाईं, पहले हाफ के अंत में भारत को दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वो बराबरी का गोल नहीं कर पाईं.

दूसरे क्वार्टर में वेल्स को 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे भारतीय डिफेंस ने गोल में नहीं बदलने दिया. इसी बीच 26वें मिनट में वेल्स को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे गोल में बदल कर सियान फ्रेंच ने वेल्स को 2-0 से आगे कर दिया.

दूसरे क्वार्टर का अंत वेल्स ने दो गोल की बढ़त के साथ किया, हालांकि भारत ने तीसरे क्वार्टर में आते ही वापसी की. भारत को 34वें 5वां पेनाल्टी कॉर्नर मिला और कप्तानी रानी रामपाल के फ्लिक ने भारत को बराबरी पर ला दिया.

CWG 2018: भारत को गुरुराजा ने दिलाया पहला पदक, जीता सिल्वर

यहां से भारतीय महिलाओं का आत्मविश्वास काफी बढ़ा. 40वें मिनट में भारत को लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और 42वें मिनट में निकी प्रधान ने इस मौके को भुनाते हुए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया.

44वें मिनट में भारत को 11वां पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर भारत ने गोल कर दिया था, लेकिन वेल्स ने रेफरल लिया, जिसमें गोल को नकार दिया गया. चौथे क्वार्टर में आते ही भारत को अपना 12वां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार भी वो कामयाब नहीं हो सकीं. 49वें मिनट में कप्तान ने रानी ने एक शानदूर मूव बनाया और गेंद मोनिका को दी. मोनिक अपने हाथ आए इस मौके को भुना नहीं पाईं.

भारत दबाव बना रहा था, लेकिन इसी बीच वेल्स को मौका मिला जिसे उसने हाथ से जाने नहीं दिया. 57वें मिनट में नताशा ने वेल्स के लिए गोल कर उसे 3-2 से आगे कर दिया.

Back to top button