दुनिया के सबसे ताकतवर देशों की सूची से बाहर हुआ भारत, जानिए दुनिया की सबसे बड़ी ताकत कौन?

सिडनी। हर साल जारी होने वाली दुनिया के सबसे ताकतवर देशों की सूची में इस साल भारत को जगह नहीं मिली है। भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों की सूची से बाहर हो गया है, जबकि पिछले साल वह इस सूची का हिस्सा था। इस साल यानी 2020 में भारत दो अंक फिसला है और चीन से पीछे हो गया है। इस साल भी अमेरिका इस सूची में शीर्ष पर है।

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया का लोवी इंस्टीट्यूट हर साल दुनिया के प्रमुख देशों की आर्थिक क्षमता, सैन्य क्षमता, आंतरिक स्थिति, भविष्य की प्लानिंग, दूसरे देशों से आर्थिक संबंध, डिफेंस नेटवर्क, राजनीतिक और कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव का अध्ययन कर इस सूची को जारी करता है।

सिडनी स्थित लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2020 के अनुसार, 2019 में भारत का पावर स्कोर 41.0 था जो 2020 में घटकर 39.7 हो गया है। इस लिस्ट में जिस देश का स्कोर 40 या इससे अधिक होता है उसे दुनिया की प्रमुख शक्ति माना जाता है।

लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक एशिया का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला देश अब मध्य शक्ति वाली सूची में चला गया है। हालांकि, आने वाले सालों में यह देश फिर से इस सूची में शामिल हो सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इंडो-पैसिफिक के सभी देशों के बीच भारत ने कोरोना वायरस के कारण विकास की क्षमता को खो दिया है। लोवी इंस्टीट्यूट ने कहा कि 2030 तक भारतीय अर्थव्यवस्था मूल रूप से महामारी से पहले के पूर्वानुमान की तुलना में 13 फीसदी कम रहेगी।

इस कारण भारतीयों के खरीद करने की क्षमता पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। इससे भविष्य के संसाधनों के माप (फ्यूचर रिसोर्स मिजर्स) पर भारत के स्कोर में लगभग पांच अंक की गिरावट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button